समाचार · मध्य प्रदेश
ऑटो से यात्रियों के 50 हजार लूटने वाले तीन पकड़ाए:रीवा में यात्री बनकर बैठे, किस्त जमा करने जा रहे व्यक्ति से छीने थे रुपए
रीवा की थाना समान पुलिस ने ऑटो में सवार यात्री से 50 हजार रुपए चोरी करने के मामले का 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 3 अगस्त को फरियादी यज्ञनारायण सिंह (58), निवासी ग्राम फोड़ा, थाना लौर, जिला मऊगंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने गांव से बस में सवार होकर रीवा आया था। यहां से न्यू बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर समान तिराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में किस्त जमा करने जा रहा था। उसने अपने पास 50 हजार रुपए रखे थे। ऑटो में उसके बगल में एक युवक बैठा था। समान तिराहा स्थित बैंक के सामने जैसे ही वह ऑटो से उतरा, ऑटो चालक वहां से भाग गया। बाद में फरियादी ने रुपए चेक किए तो 50 हजार रुपए गायब मिले। शिकायत पर समान थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान राहुल उर्फ मेराज, लक्की उर्फ पिंस साकेत और प्रदीप कुशवाहा के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने 3 अगस्त को दिन में समान तिराहा से यात्री के 50 हजार रुपए चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 18 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। दो आरोपी पहले से कई मामलों में दर्ज पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ मेराज और लक्की उर्फ पिंस साकेत शातिर बदमाश हैं। राहुल उर्फ मेराज के खिलाफ रीवा जिले के अलग-अलग थानों में 13 अपराध दर्ज हैं, जबकि लक्की उर्फ पिंस साकेत के खिलाफ 7 अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी की रकम के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।