national · उत्तराखंड
Video: उत्तराखंड सीएम के कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक ने काटा बवाल, तोड़ी कुर्सियां, फेंका माइक

Harish Dhami: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह शनिवार (14 नवंबर 2026) को हंगामे की भेंट चढ़ गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे. उनके वहां से जाने के बाद माइक बंद किए जाने पर कांग्रेस विधायक हरीश धामी नाराज हो गए. गुस्से में उन्होंने माइक ऑपरेटर की ओर माइक फेंक दिया. इसके बाद विधायक के समर्थकों ने मंच पर जमकर हंगामा किया और कुर्सियों से लेकर माइक स्टैंड तक तोड़ डाले.
माइक बंद होने पर भड़के विधायक, मंच पर मचा हंगामा
पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में हर साल आयोजित होने वाला जौलजीबी मेला ऐतिहासिक महत्व रखता है. शनिवार को इसके उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे थे. उनके कार्यक्रम से रवाना होने के बाद मंच पर माइक बंद कर दिया गया. इससे कांग्रेस विधायक हरीश धामी नाराज हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विधायक ने गुस्से में माइक ऑपरेटर की ओर माइक फेंक दिया. इस घटना के बाद उनके समर्थक भी मंच पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां हंगामा शुरू हो गया. समर्थकों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी कुर्सियां फेंकी और माइक व माइक स्टैंड में तोड़फोड़ की. इस दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी चुनाव लड़ने की चुनौती
हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चुनावी चुनौती भी दी. उन्होंने कहा, "अगर मेरी पार्टी मुझे इजाजत देगी तो जहां से भी पुष्कर धामी चुनाव लड़ेंगे, मैं भी वहां से चुनाव लड़ूंगा."
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुए इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सार्वजनिक मंच पर हुई इस घटना के बाद जनप्रतिनिधियों के व्यवहार और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है.
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में ट्रेन से मिला भैंस का मांस, 44 डिब्बों में भरकर दिल्ली से पहुंचा था माल