Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विवाद के बाद पिता-पुत्र की हत्या में पांच आरोपी गिरफ्तार:24 घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाई, दो की तलाश जारी, वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी हथियार बरामद

INT News14 November 2026 at 11:32 pm

ग्वालियर के पदमपुर खेरिया गांव में खेत की मेड़ और रास्ते के विवाद में पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में होताम, राजेंद्र, राजकुमार, राजेश और हाकिम सिंह शामिल हैं। वहीं, सचिन और प्रिंस नाम के दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। खेत में जमीन की मुड्डियां गाड़ने को लेकर कमलेश लोधी और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान हथियारों से लैस होकर पहुंचे आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से कमलेश लोधी और उनके बेटे अमित की मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में तनाव और आक्रोश फैल गया। माउजर और अधिया से की गई फायरिंग मृतक के छोटे बेटे के मुताबिक, आरोपी हथियार लेकर खेत पर पहुंचे थे। राजेश लोधी ने माउजर और हाकिम सिंह ने अधिया से गोलियां चलाईं। उसका कहना है कि आरोपियों की गोलियां खत्म हो गईं, वरना वे उसे भी नहीं छोड़ते। इस बयान के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई। पांच आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी पुलिस ने मामले में नामजद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी हथियार भी जब्त किए गए हैं। फरार सचिन और प्रिंस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मुरार थाना प्रभारी गोविंद बगोली ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। तनाव के बीच पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार पिता-पुत्र की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। पुलिस अधिकारियों की समझाइश और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को दोनों का अंतिम संस्कार कराया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।