समाचार · मध्य प्रदेश
कान्ह-सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के लिए दीपोत्सव:कृष्णपुरा छत्री घाट पर नदी के नाम जलाए दीप, 2005 से पुनर्जीवन की मुहिम चला रहा अभ्यास मंडल
इंदौर में जलसंकट की आशंका के बीच कान्ह-सरस्वती नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन की मांग को लेकर शनिवार शाम कृष्णपुरा छत्री घाट पर दीप महोत्सव आयोजित किया गया। अभ्यास मंडल परिवार की ओर से हुए इस आयोजन में नागरिकों ने नदी के नाम दीप प्रज्वलित कर उसके संरक्षण और सफाई का संकल्प लिया। दीपोत्सव के जरिए नदी की बदहाल स्थिति और पुनर्जीवन के काम की धीमी रफ्तार की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी भागीदारी की। 2005 में 12-15 लोगों से शुरू हुआ अभियान, अब 1200 सदस्य जुड़े अभ्यास मंडल के अध्यक्ष रामेश्वर गुप्ता ने बताया कि संस्था वर्ष 2005 से कान्ह-सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के लिए अभियान चला रही है। इसकी शुरुआत 12 से 15 लोगों ने मिलकर की थी। अब विभिन्न क्षेत्रों के करीब 1200 लोग इस मुहिम से जुड़ चुके हैं। अभियान के तहत हर रविवार नदी के घाटों पर पहुंचकर सफाई की जाती है। इसमें शामिल लोग बिना किसी बाहरी आर्थिक सहायता के स्वेच्छा से श्रमदान करते हैं। भोपाल से दिल्ली तक उठाई नदी के पुनर्जीवन की मांग गुप्ता ने बताया कि नदी संरक्षण के मुद्दे पर संस्था लगातार शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपती रही है। इस मांग को भोपाल से लेकर दिल्ली तक उठाया गया है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से अलग-अलग समय पर लाखों-करोड़ों रुपए का अनुदान मिलने के बावजूद नदी के पुनर्जीवन के लिए अपेक्षित काम नहीं हो पाया। ऐसे में संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करना जरूरी है। दीप जलाकर विभागों को भी याद दिलाया जिम्मेदारी गुप्ता के मुताबिक, दीपावली के बाद दीप महोत्सव आयोजित करने का उद्देश्य नदी के प्रति लोगों की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बनाए रखना है। दीप प्रज्वलन के जरिए नागरिकों के साथ नदी की सफाई और संरक्षण के लिए जिम्मेदार विभागों को भी उनके दायित्वों की याद दिलाई जाती है। संस्था ने उम्मीद जताई कि जनभागीदारी और लगातार प्रयासों से कान्ह-सरस्वती नदी को उसका पुराना स्वरूप वापस मिल सकेगा। कार्यक्रम में श्याम सुंदर यादव, ओपी जोशी, अशोक जायसवाल सहित अभ्यास मंडल के सदस्य मौजूद रहे।