समाचार · छत्तीसगढ़
होटल कारोबारी दीपक टंडन पर दो नई FIR:SECL में नौकरी और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने का झांसा, 56 लाख ठगे; 8 केस दर्ज
रायपुर में नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी बताकर ठगी करने वाले दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। SECL कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में तेलीबांधा पुलिस ने दो नई FIR दर्ज की है। इस तरह छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ अब तक 8 FIR दर्ज हो चुकी है। वहीं, 11 अन्य शिकायतों की जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में VIP रोड स्थित होटल वेलकम श्री में मुलाकात के दौरान दीपक ने खुद को बड़े नेताओं और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताया था। उसने SECL कोरबा में काम दिलाने का भरोसा देकर दोनों शिकायतकर्ताओं से अलग-अलग रकम ली। मैनेजर से 25 लाख, संचालक से 31 लाख लिए पहली FIR कमल विहार के विकास कुमार नागले ने दर्ज कराई है। वे रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप में मैनेजर हैं। मई 2022 में एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर के जरिए उनकी पहचान दीपक से हुई थी। आरोप है कि जुलाई 2022 में दीपक ने होटल वेलकम श्री के पास उनसे 25 लाख रुपए नकद लिए। इसके बदले यस बैंक का चेक दिया था। दूसरी FIR एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर ने दर्ज कराई है। सेजबहार के श्याम के मुताबिक, जून 2022 में दीपक ने उनसे 31 लाख रुपए लिए थे। इसके बदले 3 अगस्त 2022 की तारीख का चेक दिया गया था। ठेका नहीं मिला, बैंक में चेक भी बाउंस हुए रकम देने के बाद महीनों तक दोनों को ठेका नहीं मिला। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो दीपक अधिकारियों से बातचीत जारी होने का हवाला देकर टालता रहा। बाद में गारंटी के तौर पर दिए गए चेक बैंक में लगाए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए। रायपुर में 5, तीन अन्य जिलों में एक-एक केस पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर में 5, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में एक-एक FIR दर्ज है। इसके अलावा 11 शिकायतों की जांच की जा रही है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि दीपक कभी खुद को SECL अधिकारी तो कभी CMD बताकर लोगों को ठेका दिलाने का झांसा देता था। पैसे वापस मांगने पर होटल में बंधक बनाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। तेलीबांधा पुलिस दोनों नए मामलों की जांच कर रही है।