Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक परिवार के चार लोगों की मौत:गाड़ी पर पल्टा चने से भरा ट्रक, 5 वर्षीय बच्चा सुरक्षित

INT News15 November 2026 at 01:57 am

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बावल के बनीपुर चौक के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चने से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर i10 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 5 वर्षीय बच्चा घायल हो गया। ट्राले के नीचे दबने से कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा मशीन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। कसौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने और हादसे के कारणों की जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के बानपुर की आलू वाली भोलावास गांव का एक परिवार लंबे समय से दिल्ली में रह रहा है। परिवार के सभी सदस्य कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव आए हुए थे। शनिवार को परिवार के सदस्य i10 कार में सवार होकर वापस दिल्ली जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनकी कार दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बावल के बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर के नजदीक पहुंची। इसी दौरान चने से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। ट्राला कार पर गिरने से वह पूरी तरह उसके नीचे दब गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को एंबुलेंस की सहायता से बावल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान घायल दो लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दीपक, नितिन, सरिता और दिव्या के रूप में हुई है। हादसे में करीब 5 वर्षीय बच्चा भी घायल हुआ है। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद बच्चा काफी घबराया हुआ था। सड़क पर गड्ढे के कारण ट्राला अनियंत्रित होने की आशंका मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार बनीपुर चौक के फ्लाईओवर के पास हाईवे की सड़क काफी टूटी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि सड़क पर गड्ढा आने और चालक को नींद की झपकी लगने के कारण ट्राला अनियंत्रित हुआ होगा। इसके बाद ट्राला कार के ऊपर पलट गया। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। हाइड्रा और लोगों की मदद से निकाले कार में फंसे लोग हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कसौला ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही एंबुलेंस को भी बुलाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने कसौला थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार ट्राले के नीचे पूरी तरह दबी होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद ली और स्थानीय लोगों के सहयोग से कार में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। दिल्ली से बावल के लिए रवाना हुए परिवार के सदस्य हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों और घायल बच्चे के परिजनों को सूचना दी। परिवार के सदस्य लंबे समय से दिल्ली में रह रहे थे। सूचना मिलने के बाद परिजन दिल्ली से बावल के लिए रवाना हो गए। हादसे के कारण परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मौके से फरार हुए ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। एक घंटे तक हाईवे पर प्रभावित रहा यातायात हादसे के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। ट्राले के कार पर पलटने और राहत एवं बचाव कार्य के चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस कर्मचारियों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने और यातायात सुचारु करवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।