Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

महू से सेना का 3100 किमी लंबा हवाई अभियान शुरू:चार विमानों से तीन राज्यों में उड़ान भरेगी माउंटेन ईगल्स, 24 पट्टियों पर लैंडिंग प्रस्तावित

INT News14 November 2026 at 10:33 pm

भारतीय सेना ने शनिवार, 14 नवंबर को महू से 3100 किलोमीटर लंबे हवाई अभियान की शुरुआत की। मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई) में हुए समारोह में कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख्शी, वीएसएम ने ‘वीरता और एकता की उड़ान’ (विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी) अभियान को हरी झंडी दिखाई। भारतीय सेना की एडवेंचर टीम ‘माउंटेन ईगल्स’ चार विमानों के साथ देश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में उड़ान भरेगी। टीम में दो फिक्स्ड विंग माइक्रोलाइट विमान और दो पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल हैं। अभियान शनिवार सुबह महू से रवाना हुआ। तय कार्यक्रम के मुताबिक, टीम 7 दिसंबर को महू लौटेगी। मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान से गुजरेगा रूट अभियान का प्रस्तावित मार्ग मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान से होकर गुजरेगा। इसमें झाबुआ, वडोदरा, भावनगर, दीव, पोरबंदर, जामनगर, मुंद्रा, भुज, गांधीनगर, मेहसाणा, आबू रोड, उदयपुर, कोटा, शिवपुरी, झांसी, खजुराहो, धाना सागर और भोपाल शामिल हैं। योजना के मुताबिक, करीब 24 हवाई पट्टियों पर विमानों की लैंडिंग होगी। मौसम अनुकूल रहने और प्रशासन की अनुमति मिलने पर चयनित स्थानों पर एयर शो और फ्लाईपास्ट भी किए जाएंगे। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और खजुराहो के ऊपर से उड़ान टीम स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सोमनाथ मंदिर, प्राचीन द्वारका नगरी और खजुराहो के ऐतिहासिक मंदिरों के ऊपर से भी उड़ेगी। अभियान के रास्ते में कच्छ का रण, तटीय और अर्ध-रेगिस्तानी इलाके शामिल हैं। इससे अलग-अलग भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों में विमानों की क्षमता परखने का अवसर मिलेगा। युवाओं को एयरो-एडवेंचर से जोड़ने का लक्ष्य अभियान का उद्देश्य भारतीय सेना की साहसिक गतिविधियों को सामने लाने के साथ युवाओं में एयरो-एडवेंचर खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना है। इसके जरिए युवाओं को साहस, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों के प्रति प्रेरित किया जाएगा। अभियान का संचालन आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर (माइक्रोलाइट एवं पीएचजी), एमसीटीई महू द्वारा आर्मी एडवेंचर विंग और सेना मुख्यालय के तत्वावधान में किया जा रहा है। ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ भारतीय सेना का प्रमुख एयरो-एडवेंचर केंद्र है। यह सेना के जवानों और संबद्ध सेवाओं के कर्मियों को उड़ान प्रशिक्षण देने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर कई साहसिक अभियान और एयर शो आयोजित कर चुका है।