समाचार · मध्य प्रदेश
पीएम मोदी ने दिया 'जो खेलेगा, वो खिलेगा' संदेश:मंडला में 'खेलो इंडिया संवाद', मंत्री उइके ने बताई खेल मैदान योजना
राष्ट्रीय खेल दिवस पर मंडला के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में 'खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम के साथ' कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों के साथ संवाद का सीधा प्रसारण किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को 'जो खेलेगा, वो खिलेगा' का संदेश दिया। उन्होंने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान भी किया। मंत्री संपतिया उइके ने बताया कि सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक सुविधायुक्त खेल मैदान विकसित करने की योजना है। मंडला में इस योजना के तहत कॉलेज के पास स्थान भी चिन्हित किया गया है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, एसपी राजेश रघुवंशी, एडीएम हुनेंद्र घोरमारे, एएसपी शिवकुमार वर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य टीपी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित थे।