Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन:कांग्रेस SC सेल ने दिया समर्थन, DC कार्यालय पर कूड़ा डालने की चेतावनी

INT News27 August 2026 at 02:55 pm

गुरुग्राम में अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का आंदोलन पिछले 21 दिनों से जारी है। इस विरोध प्रदर्शन ने अब बड़ा रूप ले लिया है। कांग्रेस एससी सेल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिल धानक ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए सरकार पर दलित विरोधी और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। इस दौरान, सफाई कर्मचारियों और समाज के अन्य वर्गों के लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय पहुंचे और जिला उपायुक्त (डीसी) को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेता अनिल धानक ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपना हक मांग रहे कर्मचारियों पर अत्याचार किया जा रहा है। पुलिस पर महिला कर्मियों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के साथ अभद्रता और बलप्रयोग किया गया। उन्हें जबरन बसों में भरकर हिरासत में लिया गया। धानक ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन की इस प्रकार की तानाशाही और बर्बरता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारी नेताओं ने प्रशासन और सरकार को अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि सफाई कर्मचारियों से किए गए वादे और उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो पूरा समाज सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगा। डीसी आफिस के बाहर कूड़ा डालने की चेतावनी यह भी अल्टीमेटम दिया गया कि मांगें न माने जाने की स्थिति में प्रदेशभर के सभी जिला उपायुक्त कार्यालय के मुख्य द्वारों के बाहर कूड़ा डालकर कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। यहां देखें फोटो…