समाचार · हरियाणा
नारनौल में रक्षाबंधन पर रोडवेज में उमड़ी भीड़:महिलाओं व 17 साल तक के बच्चों के लिए मुफ्त बस सेवा, कल रात 12 बजे तक रहेगी
हरियाणा के नारनौल में रक्षाबंधन के पर्व पर हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों के लिए रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा गुरुवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई। योजना लागू होते ही नारनौल बस स्टैंड और उसके आसपास यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही महिलाएं और बच्चे बसों का इंतजार करते नजर आए, जबकि दोपहर 12 बजे के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों ने मुफ्त यात्रा का लाभ उठाना शुरू कर दिया। इसके चलते रोडवेज की बसों में काफी भीड़ देखी गई। बच्चे भी कर सकेंगे फ्री यात्रा नारनौल डिपो के महाप्रबंधक (जीएम) देवदत्त ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई थीं। यह सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक लागू रहेगी। इस दौरान महिलाएं तथा 17 वर्ष तक के बच्चे हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। अतिरिक्त बसें भी चलाएंगे उन्होंने बताया कि यह सुविधा हरियाणा के एक शहर से दूसरे शहर तक ही नहीं, बल्कि दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए संचालित हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में भी उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जा रही हैं। 157 बसें ऑनरोड जीएम के अनुसार, नारनौल डिपो की कुल 157 बसें सड़कों पर संचालित रहेंगी। इनमें 137 बसें हरियाणा रोडवेज की तथा 20 हायर की गई बसें शामिल हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बसों का संचालन सुचारू रहे और किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों की रही भीड़ रक्षाबंधन पर भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं में इस योजना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बस स्टैंड पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं और दोपहर बाद अधिकांश बसें यात्रियों से खचाखच भरी हुई रवाना हुईं। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।