समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:राहगीरों को शक्कर बांटी, पैदल मार्च निकाला; विधायक बोले- मिडिल क्लास परेशान
मंदसौर में गुरुवार को जिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने शक्कर, पेट्रोल, बिजली के बिल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे से गुजरने वाले राहगीरों को शक्कर बांटी। उसके बाद पैदल मार्च निकाला। पैदल मार्च कांग्रेस कार्यालय गांधी चौराहा से शुरू हुआ। यह जिला अस्पताल के सामने से होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर खत्म हुआ। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'खा गए शक्कर, पी गए तेल' और 'जो सरकार निकम्मी है, वह सरकार बदलनी है' जैसे नारे लगाए गए। तस्वीरें देखें… विधायक बोले- घर का रसोई बजट बिगड़ा विधायक विपिन जैन ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। रोजमर्रा की खाद्य सामग्री, तेल, शक्कर, चायपत्ती और दालों के दाम बढ़ रहे हैं। किसानों की फसलों के दाम उसी अनुपात में नहीं बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि इससे आम लोग, मजदूर और मध्यम वर्ग परेशान हैं। घर का रसोई बजट बिगड़ रहा है। पैदल मार्च निकाला, शक्कर बांटी विधायक ने बताया कि कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों को शक्कर भी बांटी गई। उन्होंने सरकार से महंगाई पर जल्द नियंत्रण करने की मांग की। सरदार पटेल की प्रतिमा के पास रखा ज्ञापन कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए तहसीलदार को बुलाया था, लेकिन वह पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के चरणों में रख दिया। प्रदर्शन खत्म होने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बताया कि ज्ञापन सरदार पटेल की प्रतिमा के चरणों में रख है। E20 पेट्रोल से वाहनों के इंजन खराब हो रहे ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता प्रभावित हो रही है। रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं, विशेषकर शक्कर की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। ज्ञापन में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और E20 ईंधन के उपयोग पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल पुराने वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे महंगे पेट्रोल के साथ वाहनों की टूट-फूट का अतिरिक्त आर्थिक भार भी आम जनता पर पड़ रहा है।