Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

एबीवीपी ने प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव की मांग की:उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, मूलभूत समस्याओं पर चिंता जताई

INT News27 August 2026 at 02:57 pm

बालाघाट में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की। संगठन ने उच्च शिक्षा मंत्री के नाम प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। यह मांग हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सरकार द्वारा महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने की बात कहे जाने के बाद आई है, हालांकि चुनाव प्रणाली (प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष) अभी स्पष्ट नहीं है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक आदित्य अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया। संयोजक आदित्य अग्रवाल ने बताया कि कई सालों बाद महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर एबीवीपी उत्साहित है। उनकी मुख्य मांग है कि सरकार प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराए, ताकि छात्र-छात्राओं के लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहें और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। अग्रवाल ने यह भी कहा कि हम आज विकसित भारत की बात करते हैं, लेकिन आजादी के 80 साल बाद भी महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्हें न तो बेहतर बैठक व्यवस्था मिल रही है और न ही आधुनिक माहौल। आज भी लाइब्रेरी अपडेटेड नहीं हैं और छात्राओं के लिए बेहतर शौचालय की सुविधा का अभाव है। इसके अतिरिक्त, महाविद्यालयों में दिव्यांगों के लिए रैंप सुविधा नहीं है और कई विषयों की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं लगती हैं। उन्होंने वनांचलों में शिक्षा और स्वास्थ्य के अभाव का भी जिक्र किया, जिसके कारण वहां के निवासी मुख्यधारा से अलग-थलग पड़ जाते हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे प्रदेश के मुख्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने, महाविद्यालयों में व्याप्त समस्याओं के निराकरण और वनांचलों में शिक्षा तथा स्वास्थ्य की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंप रही है।