समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में त्यौहार के बाद आएगी सैंपल की जांच रिपोर्ट:फूड एंड सेफ्टी विभाग ने चलाया था अभियान, 30 अलग-अलग सैंपल भेजे गए
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान 7 दिनों तक चलाया गया था। इस दौरान जिले के अलग-अलग होटल-ढाबा और खाद्य सामाग्री के होलसेल की 17 प्रतिष्ठानों से 30 सैंपल लिए गए। जिसे जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया है। अब इसका रिपोर्ट त्यौहार के बाद करीब 15-20 दिनों में आएगी। बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान 17 से 23 अगस्त चलाया गया था। इस दौरान खोवा, मैसूर पाक, नमकीन, बर्फी, कलाकंद, शाही पनीर, पका हुआ चावल, बूंद लड्डू समेत कई सैंपल शंका के आधार पर लिए गए। जिसे विभाग के द्वारा नियमों के तहत रायपुर लैब जांच के लिए भेजा गया। वहीं कई होटल, रेस्टोरेंट में काफी खामियां पाई गई। वेज-नॉनवेज को एक साथ रखने की बात सामने आई, तो कहीं साफ सफाई नहीं था। यही नहीं खरसिया में चुहड़मल पोटूमल होलसेल किराना दुकान में एक्सपायरी सामान बेचते पाया गया। जिसे नष्ट कर दिया गया, लेकिन अब भेजे गए सैंपल का रिपोर्ट त्यौहार के बाद आने की बात कही जा रही है। ऐसे में जिन खाद्य सामाग्रियों का सैंपल लिया गया, वह इस रक्षाबंधन में बेच दिया जाएगा। इससे गुणवत्ताहीन मिठाईयां भी लोगों तक पहुंच सकती है। जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
इन दुकानों में जांच के लिए पहुंची टीम
7 दिनों तक चले अभियान में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के तकरीबन 17 प्रतिष्ठानों से सैंपल लिया गया। जिसमें कलकत्ता स्वीट्स, चावला रेस्टोरेंट, मेहर रेस्टोरेंट छपोरा पुसौर, अलंकार रेस्टोरेंट, विजय जनरल स्टोर धौराभांठा, पंडित भोजनालय, आशीर्वाद ट्रेडर्स, डनसेना जनरल स्टोर छपोरा, कतोरे रेस्टोरेंट, साखी ट्रेडर्स, देव स्वीट्स, ममता फाइन डाइन रेस्टारेंट में निरीक्षण किया गया। इसके अलावा श्याम स्वीट्स, केएमपी स्वीट नमकीन, हार्टबीट पतरापाली, राजस्थान होटल, गजेन्द्र तवन खरसिया में जांच के लिए टीम पहुंची। जहां से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
मोबाइल वैन लैब खराब पड़ा
जिन रेस्टोरेंट व होटलों से सैंपल लिया गया, उसकी जांच यहां भी की जा सकती थी, लेकिन पिछले करीब 5-6 माह से खाद्य एवं सुरक्षा विभाग का मोबाइल वैन लैब खराब पड़ा है। जिसके कारण यहां जांच नहीं हो पा रही है और सैंपल को रायपुर लैब में भेजा जा रहा है। इससे त्यौहारों में सैंपल लिए गए खाद्य सामाग्रियों की भी बिक्री हो जा रही है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
फूड एंड सेफ्टी विभाग की अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि 30 सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। ज्यादा मात्रा में सैंपल जाने से रिपोर्ट आने में करीब 15-20 दिन लग सकता है। मोबाइल लैब वैन के खराब होने के लिए उच्च विभाग में पत्र लिखा गया है और बजट भी मांगा गया है। जल्द ही नई मोबाइल लैब वेन आने की संभावना है। फिलहाल सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो एक्सपायरी मिला था उसे सीज कर लिया गया था।