समाचार · मध्य प्रदेश
आईपीएस अभिजीत रंजन के खिलाफ होगी जांच:केंद्रीय गृह मंत्रालय ने चीफ सेक्रेटरी को लिखा पत्र; जबलपुर के हैं शिकायतकर्ता
कटनी के एसपी रहते विवादों में आए आईपीएस अधिकारी अभिजीत रंजन के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय में शिकायत की गई है। इस पर गृह मंत्रालय ने इसी महीने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अभिजीत रंजन कटनी में पदस्थापना के दौरान एक महिला अधिकारी से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में रहे थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उन्हें एसपी पद से हटा दिया गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शिकायत की जांच के लिए 12 नवंबर को मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। भारत सरकार के अवर सचिव ने यह पत्र जयप्रकाश नगर, आधारताल निवासी राजकुमार सोनी की शिकायत पर भेजा है। सोनी ने 25 अक्टूबर 2026 को अभिजीत रंजन के खिलाफ शिकायत की थी। 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं अभिजीत रंजन 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिजीत कुमार रंजन ने मार्च 2023 में कटनी एसपी का पदभार संभाला था। जून 2025 में विवादों के बाद उन्हें इस पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया था। इससे पहले वे ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सिंगरौली में भी सेवाएं दे चुके हैं। तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा के पति और तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा ने अभिजीत रंजन पर आरोप लगाए थे। इसके अलावा महिला थाने से जुड़े विवाद के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उन्हें कटनी एसपी पद से हटाया गया था। दूसरी ओर, ख्याति मिश्रा ने अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।