Friday, 20 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

सिराज को पहले टेस्ट से बाहर देख भड़के अश्विन, 2027 वर्ल्ड कप को लेकर कही बड़ी बात

INT News19 November 2026 at 11:13 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इन दिनों चर्चा में हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में सिराज को जगह नहीं मिली. टीम के इस फैसले ने क्रिकेट फैंस के साथ-साथ कई पूर्व खिलाड़ियों को भी हैरान कर दिया है. अब भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सिराज को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने नई बहस छेड़ दी है. अश्विन का मानना है कि सिराज को इसी तरह नजरअंदाज किया जाता रहा तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप से भी उनका पत्ता कट सकता है.

अश्विन ने क्यों उठाए टीम मैनेजमेंट पर सवाल?

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि सिराज को टीम से बाहर करने का माहौल अचानक नहीं बना है. पिछले एक महीने से उन्हें वनडे टीम में भी ज्यादा मौके नहीं दिए जा रहे थे.

अश्विन ने कहा, "सिराज को बाहर करने के लिए एक हफ्ते से माहौल क्यों बनाया? एक हफ्ते से नहीं, एक महीने से बनाया. उसको वनडे में नहीं खिलाया. वनडे वर्ल्ड कप आने वाला है, आपको सिराज की जरूरत नहीं है? चौंकिए मत, ये सिर्फ ट्रेलर है. वो भी हो जाएगा."

अश्विन के इस बयान का साफ इशारा है कि सिराज को आने वाले समय में वनडे टीम से भी बाहर रखा जा सकता है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी नहीं मिले ज्यादा मौके

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में भी सिराज को ज्यादा मौके नहीं मिले थे. उन्हें सिर्फ आखिरी वनडे में खेलने का मौका दिया गया. इसके बाद पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से भी उनका नाम गायब रहा.

2023 वर्ल्ड कप में किया था शानदार प्रदर्शन

सिराज का वनडे रिकॉर्ड देखें तो उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप में शानदार गेंदबाजी की थी. भारत में खेले गए इस टूर्नामेंट में सिराज ने 11 मैचों में कुल 14 विकेट हासिल किए थे. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16 रन देकर 3 विकेट रहा था.

टीम इंडिया ने फैसले को बताया सही

सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने पर बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से भी सवाल किया गया. उन्होंने कहा कि सिराज के साथ कोई परेशानी नहीं है. टीम मैनेजमेंट को मौजूदा परिस्थितियों में यही 11 खिलाड़ी सबसे बेहतर लगे, इसलिए उन्हें चुना गया.

प्रसिद्ध कृष्णा पर बात करते हुए कोटक ने कहा कि वह आक्रामक गेंदबाज हैं और विकेट लेने के लिए जोखिम उठाते हैं. ऐसे में कभी-कभी उनके खाते में ज्यादा रन भी चले जाते हैं.

फिलहाल सिराज को टेस्ट टीम से बाहर रखने का फैसला चर्चा में है. लेकिन अश्विन के बयान ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.