Friday, 20 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

हावड़ा-राउरकेला वंदेभारत ट्रेन में परोसा एक्सपायरी मिक्सचर, वेंडर पर लगा एक लाख का जुर्माना

INT News19 November 2026 at 11:45 pm

जमशेदपुर : प्रीमियम सुविधा का दावा करने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री परोसने का मामला सामने आया है. गुरुवार को राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-9 कोच में शाम के नाश्ते के दौरान यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर दिया गया. शिकायत मिलने के बाद रेलवे ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.

सात दिन पहले ही एक्सपायर हो गया था खाद्य उत्पाद

जानकारी के अनुसार, टाटानगर से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को नाश्ते में स्थानीय ब्रांड का ‘नेनीमेमी’ मिलेट मिक्चर दिया गया था. कुछ यात्रियों ने पैकेट देखे बिना ही उसका सेवन कर लिया, मगर जब कुछ यात्रियों ने पैकेट की जांच की, तो उस पर एक्सपायरी डेट 12 नवंबर 2026 दर्ज मिली. पैकेट का निर्माण मई 2026 में हुआ था. यानी यात्रियों को निर्धारित अवधि समाप्त होने के सात दिन बाद का खाद्य उत्पाद परोसा गया. इसके बाद यात्रियों के बीच यह चर्चा तेज हो गयी कि क्या सप्लाई करने वाली एजेंसी जानबूझकर कम कीमत पर एक्सपायरी या समाप्ति के करीब के खाद्य उत्पाद लेकर अधिक मुनाफा कमाने की कोशिश कर रही है, या यह एजेंसी की लापरवाह कार्यप्रणाली का यह हिस्सा है.

ये भी पढ़ें : सुवर्णरेखा का सीना चीर रहे बालू माफिया, रातभर सैकड़ों ट्रैक्टरों से ऐसे होता है अवैध खनन, पढ़ें पूरी खबर

सोशल मीडिया पर रेलमंत्री को टैग कर की शिकायत

इससे नाराज एक यात्री ने सोशल मीडिया पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड और आइआरसीटीसी को टैग कर शिकायत दर्ज करायी. यात्रियों का आरोप है कि एक्सपायरी सामान की शिकायत करने पर कोच अटेंडेंट और मैनेजर ने शिकायत रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया. इतना ही नहीं, पैकेट वापस लेने का प्रयास भी किया गया. यात्रियों ने कैटरिंग व्यवस्था की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल उठाये. जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने जांच की और एक्सपायरी मिक्चर जब्त कर लिया. चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि संबंधित एजेंसी पर तत्काल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें : चक्रवात अकवान का असर, जमशेदपुर के सभी स्कूलों में पांचवीं तक की पढ़ाई 20 नवंबर को स्थगित