entertainment
बॉलीवुड अभिनेता और दिल्ली के कारोबारी पर हमले की साजिश, पुलिस ने दो शूटरों को दबोचा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है. पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उसके घर पर फायरिंग करने वाले थे. इसके अलावा मुंबई में एक बॉलीवुड अभिनेता को भी निशाना बनाने की तैयारी थी.
दो शहरों में बिछाया था जाल
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों में से एक को दिल्ली और दूसरे को मुंबई से पकड़ा गया. विकास ठाकुर उर्फ विक्की को दिल्ली में कारोबारी पर हमले की जिम्मेदारी मिली थी, जबकि दीपक सिंह को मुंबई में अभिनेता पर फायरिंग की तैयारी करने के लिए कहा गया था. वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
अपराध की दुनिया में कैसे आए?
जांच में सामने आया कि विकास कम उम्र से ही अपराध की राह पर चल पड़ा था. वह पहले अनमोल बिश्नोई के लिए हथियार सप्लाई करता था. बाद में अनिल पंडित और रणदीप मलिक के संपर्क में आया. उस पर नए लड़कों को गिरोह में जोड़ने और हमले के लिए लोगों की रेकी करने जैसे काम करने का आरोप है.
मैड संधू हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
दूसरा आरोपी दीपक सिंह अमृतसर के इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांछित था. आरोप है कि 3 अक्टूबर को उसने अपने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर मैड संधू की गोली मारकर हत्या की थी. इसके बाद वह मुंबई में छिप गया था.
अभिनेता को निशाना बनाने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, विदेश में बैठे गैंगस्टर ने दीपक को एक बॉलीवुड अभिनेता के घर पर फायरिंग करने का निर्देश दिया था. बताया गया है कि यह साजिश अभिनेता के 1984 में दिए गए सिख विरोधी बयानों से जुड़े पुराने विवाद के चलते रची गई थी. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: हालातों से लड़ रहे शरद कपूर की बदली किस्मत, काम मांगने वाला वीडियो वायरल होने के बाद मिला हॉलीवुड फिल्म का ऑफर