समाचार · पश्चिम बंगाल
कोलकाता पुलिस में भर्ती के लिए नवंबर में जारी होगा नोटिफिकेशन

देवी दुर्गा का औपचारिक आह्वान षष्ठी के दिन होता है, पर सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत ‘देवीपक्ष’ से आरंभ हो चुकी है. यह भाजपा सरकार के तहत राज्य पुलिस के लिए पहली भर्ती है. सोमवार को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नेताजी इंडोर स्टेडियम में राज्य पुलिस के 11,593 नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये. इस दौरान सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा- मुझे न तो तालियां चाहिए और न ही श्रेय. मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अगर सरकार नहीं बदली होती, तो यह भर्ती नहीं हो पाती.
सीएम ने कहा कि नियुक्ति का मुद्दा अदालत में अटका था. तृणमूल सरकार के ‘ओबीसी’ संबंधित फैसले को चुनौती मिलने के बाद यह गतिरोध उत्पन्न हुआ था. मुख्यमंत्री ने बताया कि केवल साढ़े पांच महीनों में उस गतिरोध को दूर किया गया. शुभेंदु ने यह संदेश दिया कि दिन की शुरुआत ही बता देती है कि पूरा दिन कैसा होगा.
मुख्यमंत्री ने पुलिस बल से भ्रष्टाचार-मुक्त रहने का आग्रह किया. उन्होंने कहा- अगले दो वर्षों में पुलिस बल की संख्या के मामले में पश्चिम बंगाल उत्तर प्रदेश से आगे निकल जायेगा. सोमवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में नये पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये.
इस भर्ती में 11,593 उम्मीदवारों का शुरुआती चयन हुआ है. इनमें 3,381 महिलाएं भी शामिल हैं. खास बात यह है कि इन नये पुलिसकर्मियों को दुर्गापूजा से पहले चार की ट्रेनिंग दी जायेगी. इसके बाद 17 अक्तूबर से पूजा ड्यूटी पर लगाया जायेगा.
ये भी पढ़ें: Bengal News: बंगाल में 11 हजार पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र, शुभेंदु का एक साल में एक लाख नौकरियों का वादा
11,593 कांस्टेबलों को मिले नियुक्ति पत्र
पश्चिम बंगाल पुलिस भर्ती बोर्ड ने कांस्टेबल के 11,749 पदों के लिए अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की थी. यह मेरिट लिस्ट 24 सितंबर को प्रकाशित हुई थी. इसके बाद 11,593 उम्मीदवारों का चयन किया गया. इनमें 8,212 पुरुष और 3,381 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. नये पुलिसकर्मियों को अलग-अलग पुलिस कमिश्नरेट और पुलिस जिलों में तैनात किया जायेगा. इसके लिए तैनाती की सूची पहले ही तैयार कर ली गयी है.
17 अक्टूबर से दुर्गा पूजा की ड्यूटी
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने बताया कि नये पुलिसकर्मियों को 17 अक्तूबर से दुर्गा पूजा की ड्यूटी पर लगाया जायेगा. इसके बाद उन्हें दोबारा ट्रेनिंग दी जायेगी. डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार कई बाधाओं के बाद 11,593 लोगों की भर्ती कर रही है. उन्होंने राज्य पुलिस में करीब 32,000 पद खाली होने की जानकारी भी दी.
डीजीपी के मुताबिक, 10,235 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने की बात कही गयी है. हालांकि, यह संख्या शुरुआती चयन वाले 11,593 उम्मीदवारों से अलग है. इसलिए नियुक्ति पत्र पाने वाले उम्मीदवारों की अंतिम संख्या की पुष्टि जरूरी है.
महिला पुलिसकर्मियों को मिलेंगे खास मोबाइल
दुर्गा पूजा से पहले पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने महिला पुलिसकर्मियों को विशेष सुविधाएं देने की तैयारी की है. मुख्यमंत्री उन्हें पिंक आरटी मोबाइल और पिंक सपोर्ट मोबाइल सौंपेंगे. इसके अलावा, पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरे भी दिये जायेंगे. डीजीपी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस को 3,500 बॉडी कैमरे दिये जायेंगे. इन कदमों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना और कानून-व्यवस्था बनाये रखने में मदद करना है. नये पुलिसकर्मियों से डीजीपी ने कानून के प्रति ईमानदार रहने की अपील की.
कोलकाता पुलिस में नियुक्ति के लिए जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन
कोलकाता पुलिस के लिए 300 सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) चुने गये हैं. वहीं 4,000 पदों के लिए भर्ती परीक्षाओं के नतीजे दिसंबर तक जारी कर दिये जायेंगे. जबकि, 9000 नयी वैकेंसी के लिए नवंबर में नोटिफिकेशन जारी किये जायेंगे और पब्लिक सर्विस कमीशन के जरिये 650 पुलिस क्लर्क की भर्ती की जायेगी.
सीएम ने कहा- पिछली सरकार सिविक वॉलंटियर्स के जरिये पुलिस स्टेशन चलाती थी. अनुशासन बनाये रखने के लिए ट्रेनिंग जरूरी है, लेकिन इन सिविक वॉलंटियर्स का कभी कोई बेसिक टेस्ट नहीं लिया गया. हालांकि, मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अब से भर्ती हर साल सही नियमों के अनुसार होगी. शुभेंदु ने यह भी साफ किया कि सरकारी नौकरी में नियुक्ति के लिए मेरिट ही एकमात्र आधार होगा. मुख्यमंत्री ने पुलिस फोर्स को भ्रष्टाचार और अनैतिक कामों से दूर रहने की सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि पूजा से पहले सिविक वॉलंटियर्स का वेतन 2,000 रुपए बढ़ाया गया है.