समाचार · छत्तीसगढ़
धमतरी में छत्तीसगढ़ महतारी की महाआरती हुई:स्थापना दिवस पर कलेक्ट्रेट में माल्यार्पण, बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर रविवार, 1 नवंबर को धमतरी में छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रतिमा पर शहर के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और विकास में योगदान देने का संकल्प भी लिया गया। बच्चों ने सुआ नृत्य से दिखाई लोकसंस्कृति की झलक कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए। इनमें पारंपरिक सुआ नृत्य भी शामिल रहा। आयोजन में शामिल लोगों ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेश की पहचान, संस्कृति और गौरव के सम्मान का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और महतारी के सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। शहर में अन्य जगहों पर भी प्रतिमाएं लगाने की मांग कार्यक्रम के दौरान धमतरी शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग उठी। इसके लिए कलेक्टर, महापौर और विधायक को लिखित ज्ञापन देने का संकल्प लिया गया। साथ ही मौजूदा प्रतिमा वाले चौक का नाम ‘छत्तीसगढ़ महतारी चौक’ रखने की मांग भी संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने रखने की बात कही गई। ग्राम छाती में ग्रामीणों ने की पूजा-अर्चना और महाआरती स्थापना दिवस पर ग्राम छाती में भी ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। सुबह से शुरू हुए आयोजन में गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। प्रतिमा के पास एकत्रित होकर ग्रामीणों ने सामूहिक महाआरती की। इसके बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। मंचीय कार्यक्रम में गांव के पदाधिकारी और ग्रामीण भी शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने बच्चों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की पहचान हैं और उनकी संस्कृति व परंपराओं की चर्चा दूसरे राज्यों में भी होती है। राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रम इसी सांस्कृतिक गौरव को सम्मान देने का अवसर हैं। कोष्टापारा वार्ड में भी मनाया स्थापना दिवस शहर के कोष्टापारा वार्ड में भी छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के जयकारे लगाए गए और 26वां स्थापना दिवस मनाया गया।