Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

गम्हरिया थाना में महिला से दुष्कर्म का आरोप : दो दिन में 15 पुलिसकर्मी निलंबित, दो गिरफ्तार, जानिए आज दिनभर में क्या-क्या हुआ

INT News1 November 2026 at 08:45 pm

जमशेदपुर : गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी से कथित दुष्कर्म के मामले में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने दूसरे दिन रविवार को बड़ी कार्रवाई की है. जांच के लिए गठित एसआइटी ने शनिवार को निलंबित छह पुलिसकर्मियों में से दो एसआइ मनोज कुमार साहू और हवलदार संतोष कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. रविवार को उन्होंने गम्हरिया थाना के नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. निलंबित कर्मियों में दो एसआइ अजय पासवान और ललन रविदास, चार एएसआइ विश्व उरांव, मुकेश कुजूर, मुकेश रविदास, सीताराम सिंह पाहन, दो हवलदार पितांबर महतो व बहादुर हांसदा और एक आरक्षी मनोज गोराई शामिल हैं. इसके साथ ही दो दिनों के भीतर थाना प्रभारी समेत अब तक कुल 15 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है. एसपी ने बताया - दूसरे दिन की कार्रवाई अनुशासनहीनता बरतने और घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने के मामले में की गई है. बताया जा रहा है कि रविवार को निलंबित किए गए पुलिसकर्मी घटनास्थल के ठीक ऊपर स्थित कमरों में रहते थे.

राजेश टुडू को मिला गम्हरिया थाना का प्रभार

मामले में आरोपी और थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों की निलंबन के बाद रविवार को राजेश टुडू को गम्हरिया थाना का प्रभार सौंपा गया है. राजेश टुडू ने थाना में योगदान देते हुए थाना प्रभारी का कार्यभार संभाल लिया है. विदित हो कि थाना में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा द्वारा थाना परिसर में दुष्कर्म किये जाने के मामले में आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा, थाना प्रभारी संजय प्रसाद, अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, संतोष राय व मुनेश्वर कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने एसपी से की थी. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार देर रात एसपी मनोज स्वर्गियारी ने सभी को निलंबित कर दिया था.

ये भी पढ़ें : हेमंत सोरेन ने आदिवासियों के साथ किया विश्वासघात, मरांग बुरु को लेकर सोनाराम सोरेन का बड़ा आरोप

पुलिसकर्मियों से अलग-अलग बंद कमरे में एसपी ने की पूछताछ

रविवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद दल-बल के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का सघन निरीक्षण किया और थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों से अलग-अलग बंद कमरे में लंबी पूछताछ कर बयान दर्ज किए. एसपी ने दो टूक कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) हर बिंदु की गहन पड़ताल कर रही है. घटना में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा.

नशे में मिले तो सीधे जाएगी नौकरी

गम्हरिया की शर्मनाक घटना के बाद एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को 24 घंटे थानों की निगरानी करने का आदेश दिया है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऑन-ड्यूटी या थाना परिसर में कोई भी पुलिसकर्मी यदि शराब अथवा किसी अन्य नशे की हालत में पाया गया, तो उसे सीधे सेवा से बर्खास्त करने की अनुशंसा की जाएगी. थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने मातहतों की दैनिक उपस्थिति, आचरण और कार्यशैली की लगातार समीक्षा करें.

महिला फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार का आदेश

एसपी ने महिला शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा, संवेदनशीलता और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी है. आदेश दिया गया है कि महिलाओं की शिकायतों को बिना किसी देरी के प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाए. पूछताछ की स्थिति में महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी. साथ ही किसी भी महिला फरियादी को अनावश्यक रूप से थाने में बैठाकर रखने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. शिकायतकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, दबाव या अभद्र टिप्पणी की शिकायत पर संबंधित कर्मी के साथ-साथ थाना प्रभारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई होगी.

गीता कोड़ा का गम्हरिया थाने पर प्रदर्शन

घटना को लेकर भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया है. पूर्व सांसद गीता कोड़ा रविवार को गम्हरिया थाना पहुंचीं. कार्यकर्ताओं संग गम्हरिया थाना के समक्ष प्रदर्शन किया. साथ ही एसपी मनोज स्वर्गियारी को मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा. इसमें आरोपी पुलिसकर्मी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की गयी है. साथ ही तीन महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल कराने और दोषी को सजा सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही थानों में महिलाओं की सुरक्षा और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की भी मांग की.

ये भी पढ़ें : गम्हरिया थाने में महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप, विरोध में भाजपा ने फूंका सीएम हेमंत सोरेन का पुतला

विधायक पूर्णिमा साहू ने राष्ट्रीय महिला आयोग से मांगा हस्तक्षेप

विधायक पूर्णिमा साहू ने फेसबुक पर वीडियाे जारी कर घटना को शर्मनाक और चिंताजनक बताया. उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा - थाना वह जगह है, जहां महिलाओं को न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिलना चाहिए. यदि वहीं उनकी गरिमा पर सवाल उठने लगे, तो यह पूरी व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की. साथ ही कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें : खाकी शर्मसार : गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला से दुष्कर्म

पुलिस महकमे में अवैध वसूली पर दिया जा रहा है ध्यान : बाबूलाल

गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है. उन्होंने घटना को शर्मनाक और चिंताजनक बताते हुए सवाल उठाया कि जब महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही आरोपों के घेरे में हों, तो महिलाएं सुरक्षा की उम्मीद किससे करेंगी. मरांडी ने कहा - इससे पहले बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भी एक महिला कैदी के यौन शोषण का मामला सामने आया था. उन्होंने सवाल किया कि जेल और थाने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसरों में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आखिर वे जाएं कहां. उन्होंने डीजीपी तदाशा मिश्रा की नियुक्ति और पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये. मरांडी ने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था में सुधार के बजाय पुलिस महकमे में अवैध वसूली और उगाही जैसी गतिविधियों पर ध्यान दिया जा रहा है.

नोवामुंडी में सीएम हेमंत सोरेन का फूंका पुतला

नोवामुंडी : गम्हरिया थाना में सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंची महिला के साथ वायरलेस ऑपरेटर द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में भाजपा नोवामुंडी मंडल ने प्रदर्शन किया. मंडल उपाध्यक्ष राणा बोस की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को अविलंब न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी पुलिसकर्मी को दोष सिद्ध होने पर कठोरतम सजा देने की मांग की. प्रदर्शन में पूर्व मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मांझी, लालमोहन दास, चेतन गोप, चंद्रभानु गोप, प्रफुल्ल दास, सुबीर पान, संजय घोष, पवित्र पान, संजू लोहार, राजा बोदरा और सुष्मिता घोष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए.

ये भी पढ़ें : आश्वासन, आस और इंतजार : जनप्रतिनिधियों ने घर पहुंचकर खिंचवायी तस्वीर, दिव्यांग सावित्री को अब तक नहीं मिला आवास का लाभ