entertainment
Amitabh Bachchan को बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से करना पड़ा फैंस का दीदार, पिता की सुरक्षा में पीछे खड़े रहे अभिषेक; जानिए क्या है वजह

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने घर जलसा के बाहर आकर फैंस से मिलते हैं. सालों से चली आ रही इस परंपरा को उन्होंने इस रविवार भी जारी रखा. हालांकि, इस बार उनका अंदाज थोड़ा अलग था. अमिताभ बच्चन फैंस का अभिवादन करने के लिए घर से बाहर तो आए, लेकिन वह एक पारदर्शी बुलेटप्रूफ सुरक्षा घेरे के अंदर खड़े नजर आए. इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे और भीड़ पर नजर रखे हुए थे.
बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से अमिताभ ने किया अभिवादन
रविवार को अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित घर जलसा के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जमा हुए थे. अपने चाहने वालों को निराश न करते हुए बिग बी उनसे मिलने पहुंचे. इस बार वह एक पारदर्शी सुरक्षा कवच के अंदर खड़े थे. उन्होंने हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया और अपने खास अंदाज में उनका स्वागत किया.
View on Instagram
इस दौरान अभिषेक बच्चन भी पिता के साथ दिखाई दिए. जब अमिताभ फैंस की तरफ हाथ हिलाकर उनका अभिवादन कर रहे थे, तब अभिषेक उनके पीछे खड़े होकर भीड़ पर नजर रख रहे थे. मौके पर सुरक्षा कर्मचारी भी तैनात थे.
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा क्यों बढ़ाई गई?
अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं. अक्टूबर में मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) इलाके के एक स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की बात कही गई थी. इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी.
अमिताभ ने सेहत को लेकर भी दिया था अपडेट
हाल ही में अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और सेहत पर ध्यान देने की सलाह दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कुछ दिनों तक पोस्ट न कर पाने के लिए माफी मांगी थी.
इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने अपने Tumblr ब्लॉग पर एक और अपडेट साझा किया. उन्होंने लिखा कि उन्हें अभी और आराम की जरूरत है और वह अपनी सेहत को संभालने की कोशिश कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: एक लेखिका, जिनकी कलम ने पाकिस्तान को रुलाया; जानिए उनकी जिंदगी, मोहब्बत और किताबों से जुड़े अनसुने किस्से