समाचार · बिहार
बिहार में बिजली की उपलब्धता 700 से बढ़कर 9475 मेगावाट हुई, सीवान में भी बढ़ी आपूर्ति क्षमता

Bihar Electricity Supply: बिहार में पिछले 14 वर्षों के दौरान बिजली के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है. कभी राज्य में बिजली की उपलब्धता करीब 700 मेगावाट थी, जो अब बढ़कर लगभग 9475 मेगावाट हो गयी है. रविवार को तरवारा मोड़ स्थित विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय परिसर में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का 14वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भरत सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
बिजली व्यवस्था के आधारभूत ढांचे का हुआ विस्तार
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पिछले 14 वर्षों में बिजली के क्षेत्र में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है. हजारों किलोमीटर नयी विद्युत लाइनों का निर्माण, पावर सब-स्टेशनों और नये फीडरों की स्थापना, ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता में वृद्धि और जर्जर तारों को बदलने जैसे कार्य किये गये हैं. इसका लाभ राज्य के करोड़ों उपभोक्ताओं को मिल रहा है.
सीवान जिले में भी बिजली आपूर्ति की क्षमता 250 मेगावाट से अधिक हो चुकी है. विद्युत व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस लाइन, धनौती, सोनकरा, माधोपुर और जामो में नये पावर सब-स्टेशन स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है. वहीं, जिले के करीब 14 पावर सब-स्टेशनों में पावर ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता पांच एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए की गयी है. इससे भविष्य में बिजली की बढ़ती मांग पूरी करने में मदद मिलेगी.
स्मार्ट मीटर और आधुनिक तकनीक से बढ़ी पारदर्शिता
कार्यक्रम में स्मार्ट मीटर और आधुनिक तकनीक को विद्युत वितरण व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव बताया गया. वक्ताओं ने कहा कि इससे बिजली खपत, बिलिंग, राजस्व निगरानी और शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता बढ़ रही है.
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि सीवान क्षेत्र में करीब 16 हजार आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य है, जिसके विरुद्ध अब तक लगभग 4500 आवेदन मिले हैं. इनमें करीब 300 घरों में ही सोलर प्लांट स्थापित हो पाये हैं. इस पर चिंता जताते हुए आवेदन से लेकर इंस्टॉलेशन और सब्सिडी तक की प्रक्रिया तेज करने तथा योजना को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया गया.
गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति को बताया प्राथमिकता
वक्ताओं ने कहा कि आने वाले वर्षों में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति, तकनीकी एवं वाणिज्यिक नुकसान में कमी तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निष्पादन प्राथमिकता होनी चाहिए. इस दौरान विद्युतकर्मियों के योगदान की सराहना की गयी. कार्यक्रम में ओला योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का कार्य पूरा होने और इन्वर्टर से संबंधित कार्य अंतिम चरण में होने की जानकारी दी गयी.
कार्यक्रम का संचालन आलोक राज और अन्नु कुमारी ने किया. सहना प्रवीण, अपराजिता कुमारी और सोनम कुमारी ने आकर्षक रंगोली बनायी. मौके पर उप विकास आयुक्त अमिताभ कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु नारायण पांडेय, विद्युत कार्यपालक अभियंता रौशन कुमार, प्रभात कुमार, सहायक विद्युत अभियंता प्रशांत जायसवाल, रवि प्रकाश, विकास कुमार, आइटी मैनेजर पंकज कुमार, अभिषेक सोलंकी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, अभियंता और विद्युतकर्मी उपस्थित थे.