समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में 4 दिन में 2 मासूमों समेत 5 गायब:एक ही घर से दो बच्चों के साथ मां लापता, मानसिक रूप से कमजोर भी है महिला
ग्वालियर में बीते चार दिनों के भीतर दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। सबसे संवेदनशील मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला अपने दो छोटे बेटों के साथ अचानक घर से गायब हो गई। नाबालिगों के लापता होने की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हाईकोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल एफआईआर दर्ज कर अलग-अलग टीमें तलाश में लगा दी हैं। इसके अलावा महाराजपुरा क्षेत्र से एक नाबालिग बेटी और जनकगंज से एक युवक के लापता होने की भी शिकायत दर्ज हुई है। महिला दो बेटों के साथ घर से गायब पुरानी छावनी थाना क्षेत्र की बाबा कॉलोनी पठान मोहल्ला नाले के पास रहने वाले मूलतः मुरैना के अंबाह निवासी अनवर खान ने बताया कि उनकी 37 वर्षीय पत्नी शबनम बेगम 11 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे घर से चली गईं। उनके साथ 8 वर्षीय बेटा अलफेज कुरैशी और 6 वर्षीय बेटा आमिर कुरैशी भी हैं। परिजनों के मुताबिक शबनम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस को आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर ले गया है। रात में घर से गायब हुई नाबालिग महाराजपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ जमार में रहने वाले एक किसान ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पिता के अनुसार 11 जुलाई की रात वह परिवार के साथ सोई थी, लेकिन रात करीब 3 बजे बिस्तर पर नहीं मिली। रिश्तेदारों और आसपास काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर जाने की कहकर निकला युवक नहीं लौटा जनकगंज थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश प्रजापति ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा अर्जुन प्रजापति 13 जुलाई की रात शीतला माता मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मंदिर परिसर, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक का हुलिया जारी करते हुए तलाश शुरू कर दी है।