समाचार · पंजाब
मोगा में नहर से मिला व्यक्ति का शव:शरीर पर बने टैटू से पहचान की कोशिश; पुलिस ने 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा
मोगा जिले के धल्लेके और खोसिया गांवों के बीच स्थित एक नहर (सूए) से बुधवार तड़के एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर समाज सेवा सोसाइटी (रजि.) मोगा की आपातकालीन सेवा टीम और कोट ईसे खां पुलिस मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से कार्रवाई की। नहर में लावारिस हालत में मिले शव को बाहर निकालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। समाज सेवा सोसाइटी के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पुलिस को सौंप दिया। मृतक की नहीं हो सकी पहचान प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। सोसाइटी के अनुसार, मृतक के शरीर पर टैटू बने हुए हैं, जिन्हें पहचान के लिए महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के उद्देश्य से शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल मोगा की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, ताकि परिजन या कोई अन्य व्यक्ति उसकी पहचान कर सके। मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कोट ईसे खां पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो या वह उसकी पहचान कर सके, तो तुरंत कोट ईसे खां पुलिस या समाज सेवा सोसाइटी (रजि.) मोगा से संपर्क करें। इससे मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सकेगी।