समाचार · मध्य प्रदेश
जमीन विवाद में 72 वर्षीय किसान पर हमला:जुताई रोकने पर भतीजे ने लात-घूंसों और कुल्हाड़ी से मारा; सिर-हाथ में आईं गंभीर चोट
मऊगंज जिले के शिवराजपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक 72 वर्षीय बुजुर्ग किसान के साथ मारपीट की गई। विवादित जमीन पर जुताई रोकने पहुंचे बुजुर्ग पर आरोपियों ने लात-घूंसों और टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। कोर्ट में लंबित है जमीन का मामला पीड़ित नर्मदा प्रसाद तिवारी (72) ने अपनी पत्नी सावित्री तिवारी के साथ नईगढ़ी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक, उनके परिवार की भूमि खसरा नंबर 1036/02 और 1041/2 का अभी तक बंटवारा नहीं हुआ है। इस जमीन का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और इस पर स्टे लगा हुआ है। जुताई रोकने पर भतीजों ने किया हमला बुधवार दोपहर पीड़ित का भतीजा अशोक तिवारी और आशा तिवारी विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई करवा रहे थे। जब बुजुर्ग नर्मदा प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर कोर्ट के स्टे का हवाला देते हुए जुताई रोकने को कहा, तो दोनों आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों व टांगी से हमला कर दिया। सिर और हाथ में आईं गंभीर चोटें इस हमले के कारण बुजुर्ग किसान के सिर, दाहिने हाथ, कमर और हथेली में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर उनकी पत्नी सावित्री तिवारी ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। पीड़ित का आरोप है कि भागते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला घटना की जानकारी मिलते ही नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने घायल बुजुर्ग को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।