समाचार · हरियाणा
पलवल में गाड़ी की टक्कर से व्यक्ति की मौत:सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला, पुलिस कर रही पहचान कराने की कोशिश
पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर कुशलीपुर फ्लाईओवर के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। कैंप थाना पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि सांवल विहार कॉलोनी, पलवल के रहने वाले सुरेंद्र ने शिकायत दी है। सुरेंद्र ने बताया कि वह अपने निजी काम से कुशलीपुर जा रहे थे। इसी दौरान कुशलीपुर फ्लाईओवर से पहले हाईवे पर उन्होंने लोगों की भीड़ देखी और रुक गए। दिल्ली के अस्पताल में तोड़ा दम वहां एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल पड़ा था। ऐसा लग रहा था कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मारी है। मौके पर मौजूद भीड़ में से एक व्यक्ति घायल को अपनी बाइक पर बैठाकर पलवल के जिला नागरिक अस्पताल ले गया। जिला नागरिक अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, सड़क हादसे में घायल उस अज्ञात व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई राजकुमार ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान कराने और फरार हुए वाहन व उसके चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।