समाचार · मध्य प्रदेश
राहुल गांधी पर FIR का टीकमगढ़ में विरोध:कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया, केस रद्द करने की मांग
टीकमगढ़ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध जताया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने एफआईआर निरस्त करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद सत्ता पक्ष समर्थित संगठनों ने उस जगह का 'शुद्धिकरण अनुष्ठान' किया था, जो देश के करोड़ों दलितों का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ आवाज उठाई, तो उत्तराखंड पुलिस ने राजनीतिक बदले की भावना से उल्टे राहुल गांधी पर ही झूठा केस दर्ज कर लिया। दोषियों पर राष्ट्रद्रोह और एट्रोसिटी एक्ट लगाने की मांग कांग्रेस ने मांग की है कि हल्द्वानी में 'शुद्धिकरण' करने वाले दोषियों पर तुरंत राष्ट्रद्रोह और एससी-एसटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज झूठी एफआईआर को रद्द करने और गृह मंत्रालय के संबंधित राज्य सरकार को निर्देश जारी करने की मांग की गई। प्रदर्शन में मौजूद रहे कई बड़े कार्यकर्ता इस प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अनीस अहमद, संजय नायक, गौरव शर्मा, पंकज अहिरवार, सुनील अहिरवार, रवि लोधी, पूनम जायसवाल, सुधीर बजाज, रानू मिश्रा, फरीद खान, प्रत्यूष पाठक, डॉक्टर इसरार खान, कर्मेंद्र व्यास और राजीव जैन समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।