Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आदिवासी गांवों में खसरा, मलेरिया से बच्चे बीमार:लांजी अस्पताल में 22 बच्चे भर्ती, कलेक्टर ने देखी व्यवस्थाएं, बेड बढ़ाने की मांग

INT News2 September 2026 at 03:41 pm

बालाघाट जिले के आदिवासी गांवों और मंझरटोले में खसरा, मलेरिया, चर्मरोग और डायरिया जैसी बीमारियां फैल गई हैं। इससे कई बच्चे बीमार हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल के साथ-साथ लांजी अस्पताल में भी भर्ती कराया जा रहा है। लांजी अस्पताल में इस समय 22 बच्चों का इलाज चल रहा है, जिनमें ज्यादातर मलेरिया और चर्मरोग से पीड़ित हैं। तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बच्चों की बढ़ती संख्या को देखते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी ने एसडीएम से अस्पताल में बेड बढ़ाने की मांग की है। समाजसेवी दे रहे भोजन समाजसेवी विधान जोगी लांजी अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को लगातार भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। वनांचल के मछुरदा, कोरका, धर्मशाला और गठिया जैसे गांवों से लगातार बीमार बच्चों को लांजी अस्पताल लाया जा रहा है। बुधवार को एसडीएम आदित्य नारायण तिवारी ने सिविल अस्पताल लांजी का दौरा किया। उन्होंने बीमार बच्चों के इलाज की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। एसडीएम तिवारी ने बताया कि डॉक्टर्स को बच्चों की लगातार निगरानी करने और हालत गंभीर होने पर तुरंत जिला अस्पताल रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य रूप से मलेरिया पॉजिटिव बच्चे ही ज्यादा हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अक्षय उपराड़े ने बताया कि बीमार बच्चों के लिए अस्पताल में 30 बेड सुरक्षित रखे गए हैं। अगर मरीजों की संख्या ज्यादा होती है, तो उन्हें कैजुअल्टी वार्ड के बेड पर रखा जा रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने एसडीएम से अतिरिक्त बेड की मांग की है।