Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रतलाम में धाकड़ समाज की निकली ट्रैक्टर रैली:22 गांवों से आए 500 से अधिक वाहन; स्वच्छता का दिया संदेश

INT News2 September 2026 at 03:58 pm

रतलाम में धाकड़ समाज ने अपने आराध्य भगवान बलराम की जयंती पर ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में रतलाम ग्रामीण क्षेत्र के करीब 22 गांवों से समाजजन 500 से ज्यादा ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। समाजजन अनुशासन के साथ रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका भी खास ध्यान रखा गया। रैली में समाज के लोग बाइक और ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में शामिल हुए। डीजे पर गूंजे बलराम के जयकारे रैली में सबसे आगे चार पहिया वाहन चल रहे थे। इनके पीछे डीजे पर भगवान बलराम के जयकारे और गीत बज रहे थे। रथ में संत सवार थे। इसके बाद घोड़ों पर समाजजन हल लेकर बैठे थे। पीछे भगवान बलराम की प्रतिमा के साथ अलग-अलग झांकियां चल रही थीं। पूरे रास्ते समाजजन उत्साह के साथ रैली में शामिल रहे। पोलोग्राउंड से शुरू हुई रैली रैली दोपहर करीब 12 बजे पोलोग्राउंड से शुरू हुई। रैली का एक छोर राम मंदिर तक पहुंच गया था, जबकि आखिरी छोर पोलोग्राउंड पर करीब 2 किलोमीटर दूर था। रैली करीब तीन किलोमीटर तक चली और सैलाना रोड स्थित बरबड़ हनुमान मंदिर परिसर के विधायक सभागृह में सभा के साथ इसका समापन हुआ। भगवा गमछे और तिरंगा लेकर पहुंचे समाजजन रैली में शामिल समाजजनों ने गले में ‘जय धाकड़, जय धरणीधर’ लिखे भगवा गमछे डाल रखे थे। कई समाजजन तिरंगा लेकर भी रैली में शामिल हुए। समाजजनों के अनुसार रैली में 700 से ज्यादा ट्रैक्टर शामिल हुए थे, जबकि पुलिस के अनुसार करीब 500 ट्रैक्टर रैली में शामिल हुए। स्वागत के बाद खुद की सड़क की सफाई रैली के दौरान समाजजनों ने स्वच्छता का भी संदेश दिया। शहर में कई जगह स्वागत के दौरान सड़क पर बिखरे फूल और अन्य सामग्री को समाजजन खुद उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में डालते हुए आगे बढ़ रहे थे। एक ट्रैक्टर पर बैनर भी लगाया गया था, जिस पर लिखा था, ‘रैली में कचरा हमसे हुआ है, उसे साफ करना भी हमारी जिम्मेदारी है।’ चौराहों पर वालंटियर संभालते रहे ट्रैफिक रैली के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौराहों पर समाज के वालंटियर तैनात किए गए थे। वे वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करते रहे, ताकि जाम की स्थिति न बने। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों से एक साथ बड़ी संख्या में ट्रैक्टर आने के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी। सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत रैली का शहर में कई सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और समाजजनों ने मंच लगाकर स्वागत किया। जगह-जगह समाज के लोगों ने रैली में शामिल लोगों का सम्मान किया। आयोजन के दौरान समाजजनों ने अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश दिया। देखें रैली की तस्वीरें…