Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर, 3 भाई-बहनों की मौत:बाइक के परखच्चे उड़े, स्कॉर्पियो भी खेत में पलटी; शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर हादसा

INT News2 September 2026 at 03:49 pm

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 भाई-बहनों की मौत हो गई। मंगलवार शाम शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास यह हादसा हुआ। तीनों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी सामने से रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई। मामला छुरिया थाना क्षेत्र का है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में पलट गई। घटना स्थल पर ही 2 लोगों ने दम तोड़ दिया था, एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। पहले देखिए तस्वीरें… बहनों को लेकर घर लौट रहा था भाई जानकारी के अनुसार, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) अपनी दो बहनों भारती (भूपेश्वरी) और टिकेश्वरी (डीकेश्वरी) के साथ छुरिया से अपने गांव लौट रहा था। मंगलवार शाम करीब 7 बजे नहर के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप और उसकी एक बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बहन टिकेश्वरी गंभीर रूप से घायल थी। राहगीरों की सूचना पर 'डायल 112' की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने टिकेश्वरी को तुरंत छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान टिकेश्वरी ने भी दम तोड़ दिया। तीन भाई-बहनों की मौत से गांव में शोक इस घटना से ग्राम गहिराभेड़ी में मातम पसर गया है। एक साथ तीन भाई-बहनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।