Sunday, 30 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

CM मोहन यादव रीवा पहुंचे, चित्रकूट बाढ़ की समीक्षा की:सुबह बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा भी किया

INT News30 August 2026 at 10:53 am

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार रात दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रीवा और सतना जिले में बाढ़ और जलभराव की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आज (रविवार) सुबह चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा भी लिया। चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद मंदाकिनी नदी उफान पर है। बाढ़ के चलते रामघाट से हनुमान धारा जाने वाला पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन के साथ एसडीआरएफ और सेना के हेलीकॉप्टर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए छह आश्रय स्थलों में भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि मंदाकिनी नदी का जलस्तर अब तेजी से नीचे आ रहा है। 6 गांवों में रेस्क्यू, 7 लोगों को सुरक्षित निकाला

सतना कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिले के छह गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। अब तक सात लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि रात में बारिश नहीं हुई तो स्थिति पूरी तरह सामान्य हो सकती है। नया गांव डैम के क्षतिग्रस्त होने से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर CM ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में रुके श्रद्धालुओं और स्थानीय रहवासियों के लिए सुरक्षित ठहरने, भोजन, कपड़े और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सद्गुरु आश्रम में रुके श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर लेकर उनके परिजनों से संपर्क कराने को कहा, ताकि वे अपने परिवार से बात कर सकें। जैतवारा गांव में सबसे ज्यादा लोगों के रुके होने की जानकारी अधिकारियों ने दी। यहां भोजन, पानी और कपड़ों की व्यवस्था की गई है। CM बोले- जनहानि और पशुहानि नहीं होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश और बाढ़ के दौरान किसी भी तरह की जनहानि या पशुहानि नहीं होनी चाहिए। कम प्रभावित जिलों से बचाव के उपकरण बाढ़ प्रभावित जिलों में भेजने और एनडीआरएफ की टीमों को पूरी मुस्तैदी से राहत एवं बचाव कार्य में लगाने के निर्देश दिए। बैठक में रीवा, सतना और सतना-चित्रकूट मार्ग की स्थिति की भी जानकारी ली गई। रीवा कलेक्टर ने बताया कि जिले में स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रकरण तैयार कर लिए गए हैं। पशुहानि होने पर नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।