Sunday, 30 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अस्पताल में लिफ्ट गिरी, मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा:पेड़ से गिरने के बाद इलाज कराने पहुंचा था घायल; कर्मचारी पर अकेला छोड़ने का आरोप

INT News30 August 2026 at 10:40 am

रीवा में शनिवार देर रात नेशनल हॉस्पिटल की लिफ्ट गिरने से एक मरीज की मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिजन सहित अन्य लोगों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद मरीज लिफ्ट गिरने के बाद गंभीर घायल हो गया था। इलाज के लिए ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, सुरेश सेन पेड़ से गिरने के कारण घायल हो गए थे। वे अमरपाटन के लालपुर से अपना इलाज कराने के लिए रीवा आए थे। जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त अस्पताल का एक कर्मचारी उन्हें अकेले लिफ्ट में छोड़कर चला गया। परिजनों के मुताबिक जब लिफ्ट नीचे गिरी तो उन्होंने जाकर देखा तो सुरेश दम तोड़ चुके थे। परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति बन गई। अस्पताल में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लिफ्ट किस स्थिति में थी, होगी जांच

हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह, लिफ्ट की तकनीकी स्थिति और अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी जांच के प्रमुख बिंदु होंगे। अब तक यह क्लियर नहीं हो सका कि लिफ्ट किस वजह से गिरी। लिफ्ट की नियमित जांच और मेंटेनेंस हुआ भी या नहीं। लिफ्ट में सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम मौजूद थे या नहीं। हादसे के वक्त उसमें मौजूद युवक को बचाने के लिए क्या प्रयास किए गए, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस पर मारपीट और घसीटने का आरोप

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और जमीन पर घसीटा है। इसी बीच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया। वहीं, युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में देर रात तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही। हालांकि इसी अस्पताल से कुछ दिनों पहले आग लगने और स्टॉफ के द्वारा मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। फिलहाल मामले में अस्पताल प्रबंधन की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।