समाचार · मध्य प्रदेश
गुना में ‘तमीज से बात करो’ कहना पड़ा भारी:कर्नलगंज में युवक को घसीटकर पीटा, आरोन में तीन युवकों पर लाठियों से हमला; FIR दर्ज
गुना शहर के सिटी कोतवाली थानांतर्गत कर्नलगंज में मामूली बात को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। वहीं आरोन इलाके में तमीज से बात करने का कहने पर मारपीट कर दी गई। पुलिस ने दोनों मामलों में FIR दर्ज की है। पहला मामला कोतवाली थाना इलाके का है। कोल्हूपुरा निवासी लोकेंद्र सेन (30) ने बताया कि रात करीब 9 बजे वे मंदिर के पास दुकान से सामान ले रहे थे। तभी राजीव पंत ने उनसे पूछा कि क्या ले रहे हो। लोकेंद्र द्वारा तू अपना काम कर कहने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोपी फरियादी को घसीटकर अपने घर के पास ले गया और घूंसे और लात से बुरी तरह पीटा। बचाव करने पर पीडि़त के होंठ, हाथ, कंधे और जांघ में चोटें आईं व शर्ट फट गई। गवाहों के बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोन में लाठियों से बेरहमी से मारपीट
दूसरा मामला आरोन थाना इलाके का है। आरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत नई अस्पताल के पास तमीज से बात करने की बात कहने पर तीन लोगों ने मिलकर तीन युवकों की लाठियों से बेरहमी से मारपीट कर दी। पीड़ित इमरान अली (33) ने अपने मौसेरे भाई फरहान के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पीड़ित के अनुसार रात करीब 11 बजे वह अल्फेज उर्फ छोटू की दुकान पर सामान लेने गया था। जब अल्फेज ने फरियादी को गलत नाम से पुकारा, तो उसने तमीज से बात करने को कहा। इसी बात पर अल्फेज के पिता सिकंदर राईन डंडा लेकर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
इसके बाद सिकंदर राईन, उनके बेटे जुबैद और अल्फेज ने लाठियों से हमला कर इमरान और बीच-बचाव करने आए उसके मौसेरे भाई फरहान की मारपीट कर दी। झगड़ा देख बचाने आए रिश्तेदार लक्की अली को भी आरोपियों ने डंडा मारकर चोट पहुंचाई। वारदात में पीड़ितों के सिर, चेहरे और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद महिलाओं के बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।