समाचार · मध्य प्रदेश
उमरिया के उमडार नदी का पुलिया क्षतिग्रस्त, रास्ता बंद:लगातार बारिश से स्लैब बहा; सीएमओ बोले-बारिश थमने पर सुधार होगा
उमरिया जिला मुख्यालय के नैगवा टोला पहुंच मार्ग पर उमडार नदी पर बनी पुलिया लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया का ऊपरी स्लैब बह जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पिछले 15 दिनों से जिले में जारी भारी बारिश के चलते नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। इसी तेज बहाव में उमडार नदी की पुलिया का स्लैब बह गया। इसके कारण नैगवा टोला के निवासियों को अब दूसरे रास्ते से घूमकर जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। सुरक्षा की दृष्टि से नगर पालिका द्वारा क्षतिग्रस्त पुलिया से आवागमन रोक दिया गया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) किशन सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही आवागमन बंद करा दिया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि बारिश का दौर थमने के बाद पुलिया के सुधार का कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा।