Sunday, 30 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में नगर निगम के चलते ट्रक में लगी आग:ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, इंजन में शार्ट सर्किट की आशंका, मची अफरा-तफरी

INT News30 August 2026 at 10:34 am

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक के पास रविवार सुबह नगर निगम के सफाई करने वाले ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी जल गई। इस घटना के बाद हाईवे और आसपास के सर्विस रोड पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि ट्रक ड्राइवर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर निगम की सफाई गाड़ी रोजाना की तरह राजीव चौक और एक्सप्रेसवे के आसपास के हिस्सों में सफाई कार्य और कचरा उठाने के काम में लगी हुई थी। जैसे ही गाड़ी राजीव चौक फ्लाईओवर के निचले हिस्से के पास पहुंची, इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, धुएं के गुबार के साथ ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से फायर टेंडर की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी का इंजन और केबिन पूरी तरह जलकर लोहे के मलबे में तब्दील हो चुका था। शॉर्ट सर्किट होने की आशंका प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग लगने का मुख्य कारण गाड़ी के इंजन में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। कचरा उठाने वाली इन गाड़ियों में हाइड्रोलिक सिस्टम और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होते हैं, जिनमें तकनीकी खराबी के कारण स्पार्किंग हुई और उसने आग पकड़ ली। कचरे और प्लास्टिक की मौजूदगी के कारण आग बहुत तेजी से फैली। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। हाईवे पर लगा लंबा जाम संडे होने के बावजूद इस व्यस्त रूट पर अचानक हुए हादसे और उठते धुएं के कारण दोनों तरफ का ट्रैफिक धीमा हो गया। तमाशबीनों और वीडियो बनाने वालों की वजह से एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई गाड़ी को सड़क से हटाकर करीब एक घंटे बाद यातायात को पूरी तरह सुचारू कराया।