समाचार · पंजाब
लुधियाना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बवाल:मनचले ने घर में घुसकर की तोड़फोड़, लड़की के भाई को पीटा; कार के शीशे तोड़े
लुधियाना के न्यू सुभाष नगर इलाके में एक मनचले द्वारा घर में घुसकर गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। चचेरी बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने रंजिश रखते हुए देर रात पीड़ित के घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की ग्रैंड i10 कार में तोड़फोड़ की और गेट तोड़कर जबरन घर में घुस गए। परिवार के लोगों ने हाथ जोड़कर और मिन्नतें करके जान बचाई। घटना के बाद थाना टिब्बा पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। बहन को रास्ते में रोककर करता था परेशान पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू सुभाष नगर, गली नं. 2/5 निवासी गगन शर्मा ने बताया कि आरोपी रोहन साहनी उसकी चचेरी बहन गायत्री शर्मा का पीछा करता था और उसे रास्ते में रोककर तंग परेशान करता था। गगन ने जब आरोपी रोहन को ऐसा करने से रोका और समझाया तो वह उल्टा गगन से ही बहस करने लगा। आरोपी ने बेशर्मी से कहा कि तेरी बहन मुझे सुंदर लगती है और इसी बात को लेकर गगन से रंजिश रखने लगा। पहले की मारपीट, फिर रात के अंधेरे में बोला धावा शिकायतकर्ता गगन के अनुसार 25 अगस्त को आरोपी रोहन ने अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर गगन को उसके घर के बाहर घेरा और उसके साथ मारपीट की। 27 अगस्त को इस मारपीट और छेड़छाड़ से परेशान होकर गगन और उसकी बहन ने चौकी सुभाष नगर में आरोपी रोहन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। इलाके के कुछ मौहत्बर (गणमान्य) लोग दोनों पक्षों में समझौता करवाने का प्रयास कर रहे थे। 28 अगस्त की रात: समझौते की बातचीत के बीच ही 28 अगस्त की दरमियानी रात को आरोपी रोहन अपने 2 अज्ञात साथियों के साथ गगन के घर के बाहर आ धमका। गेट तोड़कर घर में घुसे अंदर भी की तोड़फोड़ आरोपियों ने सबसे पहले बाहर खड़ी कार (ग्रैंड i10) को बुरी तरह तोड़फोड़ की। उसके बाद वे धक्के मारकर घर का मेन गेट तोड़ते हुए अंदर घुसने लगे। शोर सुनकर जब गगन और उसका परिवार बाहर आया तो आरोपी रोहन धक्कामुक्की करता हुआ घर के अंदर दाखिल हो गया। आरोपियों ने घर के अंदर भी तोड़फोड़ की और गगन पर हमला करने की कोशिश की। गगन के परिजनों ने हमलावरों के आगे हाथ जोड़े तब जाकर किसी तरह गगन की जान बची। BNS की धाराओं में FIR दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। थाना टिब्बा पुलिस ने गगन शर्मा के बयानों के आधार पर न्यू सुभाष नगर के रहने वाले आरोपी रोहन साहनी और उसके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ASI राजिंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।