Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वीर सावरकर पर ऐसा क्या लिखा, जिससे भड़की शिवसेना; महाराष्ट्र में बैन की मांग

INT News18 November 2026 at 09:46 pm

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों के हमले झेल रहे थे और जेलों में बंद थे, उस समय RSS के वरिष्ठ विचारक विनायक दामोदर सावरकर ब्रिटिश शासकों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे.

उन्होंने यह आरोप भी लगाया है कि RSS के सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिर के तौर पर काम कर रहे थे. सोनिया के मुताबिक, RSS हमेशा कांग्रेस और उसकी विचारधारा को हिंदू राष्ट्र बनाने की राह में सबसे बड़ी बाधा मानता रहा है.

सोनिया गांधी ने सावरकर को बताया हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक

सोनिया गांधी ने सावरकर को महात्मा गांधी का समकालीन और हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक बताया है. उन्होंने लिखा है कि सावरकर की हिंदुत्व की अवधारणा भारत को मुख्य रूप से ऐसा राष्ट्र मानती है, जिसमें हिंदुओं का सर्वोच्च स्थान हो.

सोनिया के अनुसार, RSS, BJP और देशभर में उनसे जुड़े संगठन इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि यह सोच भारतीय संविधान की उस परिभाषा और नागरिकों को दिए गए अधिकारों को खारिज करती है, जिनके आधार पर भारत एक लोकतांत्रिक और बहुलतावादी देश बना है.

सोनिया गांधी ने RSS की विचारधारा को बताया देश की एकता के लिए खतरा

किताब में सोनिया गांधी ने RSS की विचारधारा को विभाजनकारी, पिछड़ी और तानाशाही सोच बताया है. उन्होंने लिखा है कि इस विचारधारा में दूसरे धर्मों के लोगों को दूसरे दर्जे का नागरिक मानने की सोच शामिल है.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि RSS के प्रमुख विचारकों ने अपने लेखों और भाषणों में हिटलर और अल्पसंख्यकों के प्रति उसकी नीतियों की प्रशंसा की थी.

सोनिया ने लिखा है कि अगर कभी ऐसी विचारधारा के हाथ में सत्ता आ गई, तो देश की एकता और अखंडता प्रभावित हो सकती है. उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी भी अपने भाषणों और रैलियों में ऐसी ताकतों की हिंसक रणनीति के खिलाफ चेतावनी देती रही थीं.

शिवसेना ने किताब के पन्ने फाड़कर जताया विरोध

सोनिया गांधी की इन टिप्पणियों के खिलाफ एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया. पार्टी नेताओं शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब के पन्ने फाड़कर विरोध जताया.

शिवसेना ने किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर मौजूद विवादित अंशों को हटाने के लिए प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से मांग की है. पार्टी नेता आनंद दुबे ने कहा कि किताब में सावरकर जैसे महान व्यक्तित्व के खिलाफ जहर भरा गया है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.

उन्होंने सावरकर की जेल यात्रा और उनके संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें 50 साल की सजा सुनाई गई थी और उन्होंने अंडमान की सेल्युलर जेल में 11 साल तक कठोर यातनाएं झेलीं.

ये भी पढ़ें: Mumma In Papa's Lap पर घिरे राहुल, अब शिव-पार्वती की तस्वीर से BJP-RSS पर साधा निशाना

एकनाथ शिंदे बोले- सावरकर का अपमान करने वालों के खिलाफ आंदोलन करेंगे

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' में वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों की निंदा की है. उन्होंने कहा कि शिवसेना ने किताब के विवादित दो पन्ने फाड़कर विरोध जताया है. राहुल गांधी बार-बार सावरकर का अपमान करते हैं, जिन्होंने देश के लिए काफी यातनाएं झेलीं.

शिंदे ने कहा कि सावरकर का अपमान करने वालों के खिलाफ विरोध और आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा छोड़ने वालों की भी आलोचना की.

पृथ्वीराज चव्हाण बोले- पसंद नहीं तो दूसरी किताब लिखिए

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' पर जारी विवाद के बीच कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने उनका समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब लिखने का साहस दिखाया है. हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है. अगर किसी को उनकी बातें पसंद नहीं हैं, तो वह दूसरी किताब लिख सकता है.

चव्हाण ने कहा कि सावरकर के व्यक्तित्व के अच्छे और बुरे दोनों पहलू हैं. इंदिरा गांधी ने उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया था और सोनिया गांधी के कार्यकाल में संसद में उनकी तस्वीर लगाई गई थी. हालांकि, सावरकर ने अंग्रेजों से दया याचिका भी मांगी और उनसे पेंशन लेते रहे. अल्पसंख्यकों को लेकर उनके विचार भी जगजाहिर हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी ऐतिहासिक व्यक्ति का मूल्यांकन उसके सभी पहलुओं को देखकर करना चाहिए. कोई भी व्यक्ति पूरी तरह दोषरहित नहीं होता.

NCP-SP नेता बोले- किताब फाड़ने से बिक्री बढ़ेगी

वहीं, किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर NCP-SP के युवा प्रदेश अध्यक्ष महबूब शेख ने शिवसेना पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि किसी को खुश करने के लिए किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग करना आसान है, लेकिन इसके लिए ठोस तथ्य और सबूत पेश करने होंगे.

महबूब शेख ने कहा, "अगर इसमें कुछ गलत है, तो तथ्य और सबूत सामने रखें. तभी प्रतिबंध को सही ठहराया जा सकता है. किताब फाड़ने से उस पर प्रतिबंध नहीं लग जाता, बल्कि इससे उसकी बिक्री ही बढ़ती है. अब तो शायद वह किताब और भी ज्यादा बिकेगी."

10 नवंबर को लॉन्च हुई थी किताब

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' 10 नवंबर को लॉन्च हुई थी. इसके बाद 16 नवंबर को नई दिल्ली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान इसका औपचारिक विमोचन किया गया. किताब में सोनिया ने अपने निजी जीवन, राजनीतिक सफर और देश के इतिहास से जुड़े कई पहलुओं पर विचार रखे हैं. सावरकर और RSS पर उनकी टिप्पणियों के बाद अब यह किताब महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गई है.

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने शादी के 15 साल बाद भी संभाल कर रखा था इतालवी पासपोर्ट, नागरिकता छोड़ते वक्त थीं बेचैन