Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · गुजरात

एनडीडीबी और डेयरी सर्विसेज को वैश्विक सम्मान,न्यूजीलैंड में आइडीएफ इनोवेशन अवॉर्ड्स में जीते तीन पुरस्कार

INT News18 November 2026 at 10:33 pm

आणंद. नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) और उसकी स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित इंटरनेशनल डेयरी फेडरेशन (आइडीएफ) के डेयरी इनोवेशन अवॉर्ड्स 2026 में तीन पुरस्कार जीतकर वैश्विक सम्मान हासिल किया। एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग (डीएएचडी) के सचिव नरेश पाल गंगवार की उपस्थिति में ये पुरस्कार प्राप्त किए। डॉ. शाह ने कहा कि आइडीएफ वर्ल्ड डेयरी समिट 2026 में मिले तीनों पुरस्कार महिला नेतृत्व वाली और पशुपालकों के स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी समितियों के कार्यों को सम्मानित करते हैं। यह एनडीडीबी और भारत की डेयरी सहकारी समितियों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि ये तीनों पुरस्कार महिलाओं को सशक्त बनाने के एनडीडीबी के उस दृष्टिकोण को दर्शाते हैं, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर सहकारी संस्थाओं को मजबूत करना, वंचित समुदायों और प्रत्येक पशुपालक तक संगठित डेयरी सेवाएं पहुंचाना तथा श्वेत क्रांति 2.0 के लक्ष्य को साकार करना है। एनडीडीबी को ‘मणिपुर डेयरी इन इंडिया: बिल्डिंग ब्रिजेज थ्रू विमेन-सेंट्रिक कोऑपरेटिव्स फॉर सस्टेनेबल लाइवलीहुड डेवलपमेंट’ परियोजना के लिए कृषि क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक स्थिरता में नवाचार की श्रेणी में आइडीएफ डेयरी इनोवेशन अवॉर्ड 2026 प्रदान किया गया। यह पुरस्कार मणिपुर में संघर्षों के बीच सहयोग और बदलाव के माध्यम से विकास की नई राह बनाने वाली पहल को सम्मानित करता है। इस परियोजना के माध्यम से डेयरी क्षेत्र महिलाओं को सशक्त बना रहा है, ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ा रहा है और आर्थिक प्रगति के साझा उद्देश्य से विभिन्न समुदायों को एकजुट कर रहा है। एनडीडीबी के पेशेवर मार्गदर्शन में मजबूत सहकारी संस्थाओं का निर्माण, पशुधन की उत्पादकता में सुधार, दूध खरीद के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल और बाजार तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करके मणिपुर डेयरी का पुनरुद्धार किया जा रहा है। एनडीडीबी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज (एनडीएस) को भी उसकी पहल ‘विमेन ऑन. विमेन लीड. विमेन प्रॉस्पर: फ्रॉम ऑब्लिवियन टू रिकग्निशन’ के लिए दो श्रेणियों में पुरस्कार मिले। यह पहल विस्तार योग्य महिला नेतृत्व वाले मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) मॉडल पर आधारित है, जो ग्रामीण महिलाओं को हितधारक, उद्यमी और नेतृत्वकर्ता के रूप में सशक्त बनाता है। इस पहल को जजेज चॉइस अवॉर्ड भी प्रदान किया गया। यह श्रेणी इस वर्ष पहली बार आइडीएफ द्वारा शुरू की गई। इसी पहल को ‘पीपल एंड प्लैनेट’ श्रेणी के तहत ‘डेयरी सेक्टर: इनोवेशन इन इन्क्लूजन एंड विमेन्स एम्पावरमेंट इन डेयरी’ पुरस्कार भी मिला।