समाचार · बिहार
टेंडर घोटाला : रिशुश्री भैया आपको ही कहते थे ?... आनंद किशोर से ED ने छह घंटे में पूछे ऐसे 25 सवाल

पटना. बहुचर्चित रिशु श्री टेंडर घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने बुधवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर से करीब छह घंटे तक पूछताछ की. दोपहर करीब ढाई बजे पटना स्थित इडी कार्यालय पहुंचे आनंद किशोर से रात साढ़े आठ बजे तक जांच अधिकारियों ने करीब 25 सवाल पूछे. पूछताछ का मुख्य केंद्र नगर विकास एवं आवास विभाग में उनकी तैनाती के दौरान हुए टेंडर आवंटन और ठेकेदार रिशु श्री से जुड़े कथित संपर्क रहे. इस मामले में 27 नवंबर को पटना हाइकोर्ट में अगली सुनवाई भी होनी है. ऐसे में आने वाले दिनों में जांच की दिशा और तेज होने की संभावना है.
ईडी ने दो बार भेजा था आनंद को समन
सूत्रों के मुताबिक, इडी अधिकारियों ने आनंद किशोर से नगर विकास विभाग और उससे जुड़ी एजेंसियों में टेंडर आवंटन की प्रक्रिया, विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति और ठेकेदारों को काम देने के तौर-तरीकों के बारे में जानकारी ली. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टेंडर प्रक्रिया में कहीं नियमों की अनदेखी तो नहीं की गयी और किसी खास कंपनी या ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाया गया या नहीं. रिशु श्री के मोबाइल से मिले कथित वाट्सएप चैट, डिजिटल दस्तावेज और अन्य अधिकारियों के साथ संपर्कों के आधार पर भी सवाल पूछे गये. बता दें कि आनंद किशोर को इडी ने इससे पहले भी पूछताछ के लिए दो बार समन भेजा था. 30 अक्तूबर और 11 नवंबर को तय तिथि पर वे एजेंसी के सामने उपस्थित नहीं हुए थे. उन्होंने प्रशासनिक व्यस्तता और अन्य कारणों का हवाला देते हुये समय मांगा था. इसके बाद तीसरा समन जारी किया गया, जिस पर वे बुधवार को इडी कार्यालय पहुंचे.
इडी ने पूछा कमिशन और ट्रांसफर-पाेस्टिंग पर भी पूछताछ
वरिष्ठ आइएएस आनंद किशोर से इडी ने पूछा कि रिश़ुश्री आपको कैसे जानते थे? वह आपको ही भैया कहता था? इसके अलावा, उनसे कमिशन और ट्रांसफर-पाेस्टिंग के बारे में भी पूछताछ की गई. इडी की ओर से कई बार ठेकेदार रिशुश्री के साथ उनके संबंधों और 'भैया' संबोधन को लेकर सवाल किये गये. ईडी ने पूछा कि मुमुक्षु चौधरी के बयान के अनुसार, एक निजी ठेकेदार की प्रधान सचिव स्तर तक इतनी गहरी पहुंच कैसे बनी और वह विभाग के ट्रांसफर-पोस्टिंग में सीधा दखल कैसे रखता था? ईडी ने साहिल सिन्हा के बयान का हवाला देते हुए भी पूछा कि रिशुश्री की कंपनी 'रिलायबल ग्रुप' द्वारा आईएएस अधिकारी के निजी आवास पर बिना टेंडर कराए गए निर्माण कार्य का भुगतान किस मद से हुआ?
पांच आईएएस अधिकारियों से पहले हो चुकी है पूछताछ
इस मामले में आनंद किशोर से पहले पांच आईएएस अधिकारियों से पूछताछ हो चुकी है. इनमें अभिलाषा कुमारी शर्मा, योगेश कुमार सागर, संतोष कुमार मल्ल, धर्मेंद्र कुमार और सुनील यादव शामिल हैं. इडी इन अधिकारियों की अलग-अलग विभागों में तैनाती के दौरान हुए टेंडर आवंटन और रिशु श्री से कथित संपर्कों की जांच कर रही है.
बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
28 मई को हुई थी रिशु श्री की गिरफ्तारी
जांच का दायरा 28 मई को ठेकेदार रिशु श्री की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा. आरोप है कि वह सरकारी विभागों के टेंडर की गोपनीय जानकारी पहले हासिल कर लेता था और कथित तौर पर अधिकारियों से सांठगांठ कर पसंदीदा कंपनियों को ठेके दिलवाता था. इसके बदले कमीशन और अन्य सुविधाएं पहुंचाने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं. रिशु श्री के मोबाइल फोन से अधिकारियों के साथ कथित बातचीत, वित्तीय लेन-देन और टेंडर से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद कई अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू हुई. इस मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. इडी की पूछताछ के साथ ही विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) भी इस मामले की जांच कर रही है. अब आनंद किशोर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी उपलब्ध दस्तावेजों और बयानों का मिलान करेगी.
Also Read: बिहार के सीमांचल में डेमोग्राफी चेंज जारी, किशनगंज-अररिया समेत इन जिलों में निगरानी तेज, खुफिया एजेंसियां अलर्ट...