समाचार · मध्य प्रदेश
बेटी को जहर पिलाने का आरोपी पिता गिरफ्तार:अनूपपुर में तीन साल की बेटी को सिरिंज से जहर दिया; कोर्ट ने जेल भेजा
अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र के गौरेला गांव के गोंड टोला में तीन साल की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता मोहित सिंह गोंड को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने कीटनाशक सिरिंज से बच्ची के मुंह में डाल दिया था। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने बुधवार को मोहित को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान परिजनों ने पहले उसे बचाने की कोशिश की थी। पत्नी से नाराजगी के चलते बच्ची को जहर देने का आरोप जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि आरोपी की पत्नी सुशीला दीपावली से पहले मायके आई थी। मोहित चाहता था कि वह दीपावली पर ससुराल में रहे। वह अपने ससुर से भी नाराज था। पुलिस के अनुसार, शादी के बाद सुशीला मायके और ससुराल के बीच आती-जाती थी। ससुर उसे काम नहीं करने पर ताने देते थे और काम करने के लिए कहते थे। इसी वजह से उसने ससुराल में रहना छोड़ दिया था। ससुर को जहर देने की बनाई थी योजना पुलिस ने आरोपी के पास से जहर भरी सिरिंज जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोहित ने बताया कि वह घर-जमाई बनकर पत्नी के घर में रह रहा था। ससुर के काम करने के लिए कहने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कीटनाशक सिरिंज में भरकर पहले अपने ससुर को देने की योजना बनाई थी। घटना के दिन उसने अपनी तीन साल की बेटी का मुंह खोलकर सिरिंज से उसके मुंह में जहर डाल दिया। इसके बाद बच्ची बेहोश हो गई। परिजन उसे जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बेटी की मौत के बाद पिता ने भी पिया था जहर बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस केस दर्ज होने की बात सामने आने पर आरोपी ने भी जहर पी लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।