Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

श्रीराम यादव हत्याकांड में चार दोषियों को उम्रकैद:दुर्ग में पुरानी रंजिश में चाकू और कड़े से की थी हत्या, पूर्व भाजपा पार्षद बरी

INT News18 November 2026 at 11:02 pm

दुर्ग के चर्चित गंजपारा हत्याकांड में करीब ढाई साल बाद अदालत ने फैसला सुनाया है। गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव उर्फ मंत्री की हत्या के मामले में चार आरोपियों को उम्रकैद की सजा दी गई है। वहीं, मामले में आरोपी रहे दुर्ग नगर निगम के पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। अदालत ने अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदु को हत्या और रास्ता रोकने का दोषी माना। अक्षत और शुभम को चाकू रखने और इस्तेमाल करने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी सजा सुनाई गई है। अभियोजन पक्ष हत्या और रास्ता रोककर हमला करने का आरोप साबित करने में सफल रहा। हालांकि, पूर्व पार्षद अजय दुबे के खिलाफ हत्या की साजिश रचने और एक आरोपी को छिपाने या संरक्षण देने के आरोप साबित नहीं हो सके। चारों आरोपियों को उम्रकैद, दो को आर्म्स एक्ट में भी सजा अदालत ने चारों दोषियों को हत्या के मामले में उम्रकैद और 1-1 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। रास्ता रोकने के मामले में एक महीने की साधारण कैद और 500 रुपए जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने चारों को आपराधिक साजिश के मामले में भी दोषी ठहराया है। अक्षत और शुभम को सार्वजनिक जगह पर बटनदार चाकू रखने और इस्तेमाल करने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत दो और तीन साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई गई है। दोनों पर अलग-अलग धाराओं में 500-500 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। पुलिस ने अक्षत के पास से 10 इंच और शुभम के पास से करीब 6.5 इंच लंबा चाकू बरामद किया था। पुरानी रंजिश में दो बाइक से पहुंचे थे हमलावर अभियोजन के मुताबिक, 21 मई 2024 की रात करीब 8.15 बजे गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव उर्फ मंत्री को दो बाइक से पहुंचे आरोपियों ने घेर लिया था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने एक साथ मिलकर उनका रास्ता रोका और चाकू व कड़े से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण श्रीराम यादव की मौत हो गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने चश्मदीदों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस जांच और दूसरे सबूतों को देखा। अभियोजन पक्ष ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की गवाही और मृतक को आई चोटों से जुड़े मेडिकल दस्तावेज भी पेश किए। चश्मदीदों की गवाही से साबित हुआ आरोप मामले में चश्मदीद गवाह मुन्ना और बलराम यादव की गवाही अहम रही। अदालत ने माना कि दोनों के बयानों में ऐसा कोई बड़ा अंतर नहीं था, जिससे उनकी बातों पर शक किया जा सके। मुन्ना ने बताया कि अक्षत और शुभम ने चाकू से हमला किया था, जबकि अमिताभ ने कड़े से वार किया था। बलराम यादव ने भी बताया कि दो बाइक से आए हमलावरों ने श्रीराम यादव का रास्ता रोककर हमला किया था। घायल श्रीराम यादव ने अस्पताल और घटनास्थल पर मौजूद लोगों को हमलावरों के नाम भी बताए थे। इस संबंध में ऋषि यादव, महेश यादव, पुलिस पेट्रोलिंग कर्मी योगेश चंद्राकर, उत्कर्ष सिंह, प्रशांत पाटनकर और अलाउद्दीन शेख समेत अन्य लोगों के बयान अदालत में दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर वैशाली साहू ने बताया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोटें आई थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर के अंदर और बाहर ज्यादा खून बहने से हाइपोवोलेमिक शॉक हुआ था। डॉक्टर ने मौत को हत्या बताया। वीडियो को अदालत ने नहीं माना भरोसेमंद सबूत सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने वीडियो आर्टिकल डी-01 की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। अदालत ने पाया कि वीडियो किसने बनाया था, यह स्पष्ट नहीं हो सका। साथ ही, वीडियो को प्रमाणित करने के लिए जरूरी दस्तावेज भी पेश नहीं किए गए थे। इसलिए अदालत ने इसे भरोसेमंद सबूत नहीं माना। बचाव पक्ष ने हथियारों की बरामदगी पर भी सवाल उठाए। हालांकि, अदालत ने जांच अधिकारी महेश कुमार ध्रुव और गवाहों ऋषि यादव व महेश यादव के बयानों को सही माना। अदालत ने कहा कि हथियारों की बरामदगी को अलग भी रख दिया जाए, तब भी चश्मदीदों की गवाही आरोपियों को दोषी ठहराने के लिए पर्याप्त है। अजय दुबे के खिलाफ साजिश रचने का आरोप साबित नहीं इस मामले में पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को अदालत ने बरी कर दिया है। उन पर हत्या की साजिश रचने और एक आरोपी को छिपाने या संरक्षण देने का आरोप था। अदालत ने मोबाइल और कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत सभी उपलब्ध सबूतों की जांच की, लेकिन उनसे यह साबित नहीं हुआ कि अजय दुबे ने हत्या की योजना बनाई थी या अमिताभ दुबे को छिपाने में उनकी कोई भूमिका थी। अदालत ने कहा कि आपराधिक साजिश साबित करने के लिए आरोपियों के बीच योजना और सहमति के ठोस सबूत होने चाहिए। इस मामले में ऐसे सबूत नहीं मिले। इसी आधार पर अजय दुबे को साजिश और आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों से बरी कर दिया गया। कौन हैं अजय दुबे अजय दुबे दुर्ग नगर निगम के पचरीपारा वार्ड से भाजपा पार्षद रह चुके हैं। वे दुर्ग जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं। बाद में राजनीतिक समीकरण बदलने पर भाजपा से पार्षद चुनाव का टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। हालांकि, मौजूदा हत्याकांड में अदालत ने उनके खिलाफ साजिश और संरक्षण के आरोप साबित नहीं माने। मृतक के परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अदालत ने माना कि श्रीराम यादव की हत्या से परिवार को मानसिक क्षति पहुंची है। पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए फैसले की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग को भेजने का आदेश दिया है।