national · छत्तीसगढ़
School holiday: छत्तीसगढ़ में 29 अक्टूबर स्कूल रहेंगे बंद, देंखे पूरी लिस्ट

चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं. मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 12 जिलों में 29 अक्टूबर को सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. अधिकारियों ने बताया कि सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और राजनांदगांव समेत कई जिलों में 28 अक्टूबर को भी स्कूल बंद रहे.
रायपुर में स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित
रायपुर के जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है. जिले में संभावित बारिश, तेज हवाओं और अन्य खराब मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाना जरूरी है. इसी के मद्देनजर रायपुर जिले की सीमा में संचालित सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य संबंधित शिक्षण संस्थानों में 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है.
छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद
अब तक नुकसान की खबर नहीं, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश
अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में अब तक खराब मौसम के कारण किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. सरकार ने राहत शिविरों को चौबीसों घंटे चालू रखने, चिकित्सा सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने और जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है.
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को बस्तर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरिया और कोरबा समेत उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद और रायपुर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
1 नवंबर तक बारिश और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 30 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी को भारत रत्न देने की उठी मांग, AAP छोड़ BJP में आए सांसद ने उठाया मुद्दा