sports
Ranji Trophy: पहले बल्ले से ठोका शतक, फिर गेंद से झटके 6 विकेट; मुशीर खान ने 35 साल बाद दोहराया कारनामा

Musheer Khan: मुंबई के युवा ऑलराउंडर मुशीर खान ने रणजी ट्रॉफी में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो पिछले 35 साल से कोई मुंबई का खिलाड़ी नहीं कर पाया था. हरियाणा के खिलाफ मुकाबले में मुशीर ने पहले बल्ले से शानदार शतक जड़ा और इसके बाद गेंद से ऐसी तबाही मचाई कि हरियाणा की पहली पारी महज 270 रन पर सिमट गई.
मुशीर ने मैच में 6 विकेट अपने नाम किए. इसके साथ ही वह मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी के एक ही मैच में शतक लगाने और पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की खास सूची में शामिल हो गए हैं.
35 साल बाद दोहराया रवि शास्त्री वाला कारनामा
मुशीर से पहले मुंबई के लिए यह उपलब्धि आखिरी बार रवि शास्त्री ने हासिल की थी. शास्त्री ने 1990-91 रणजी ट्रॉफी सीजन में एक ही मैच में शतक लगाने के साथ पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाए थे.अब करीब 35 साल बाद मुशीर खान ने वही कारनामा दोहराकर मुंबई के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है.
हरियाणा के खिलाफ मुशीर ने गेंदबाजी में शानदार शुरुआत की और शुरुआती पांच विकेट अपने नाम कर लिए. उनकी गेंदबाजी के सामने हरियाणा का मध्यक्रम ज्यादा देर टिक नहीं सका. हालांकि निशांत सिंधू ने एक छोर संभाले रखा और 105 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाने की कोशिश की.
ये भी पढ़ें: WPL 2027 Auction: सोफी मोलिन्यू पर यूपी वॉरियर्स ने खर्च किए 1.10 करोड़, देखें खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
मुंबई ने पहली पारी में बनाए थे 430 रन
इस मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 430 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में हरियाणा की पहली पारी 270 रन पर खत्म हो गई.
इस तरह मुंबई को पहली पारी के आधार पर 160 रन की बढ़त मिली. मुंबई ने अपनी लगातार तीसरी जीत और बोनस अंक हासिल करने के इरादे से हरियाणा को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर कर दिया.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट
दूसरी पारी में भी हरियाणा की मुश्किलें कम नहीं हुईं
फॉलोऑन खेलने उतरी हरियाणा की टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 2 विकेट पर 73 रन बना लिए थे. टीम अभी भी मुंबई से 87 रन पीछे है और उसके आठ विकेट बाकी हैं.
निशांत सिंधू 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे, जबकि यशवर्धन दलाल 13 रन पर नाबाद रहे. हरियाणा की परेशानी उस समय और बढ़ गई, जब सलामी बल्लेबाज हिमांशु राणा हेलमेट पर गेंद लगने के बाद चोटिल हो गए और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. इससे पहले कप्तान अंकित कुमार को तनुष कोटियान ने आउट किया था.
अब मुंबई की नजर बोनस अंक पर
मुंबई ने मैच में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है. पहली पारी में 160 रन की बढ़त लेने के बाद फॉलोऑन देकर टीम ने हरियाणा पर दबाव और बढ़ा दिया है. चौथे दिन हरियाणा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी दूसरी पारी को संभालना होगी. पिच भी अब काफी खुरदरी हो चुकी है, ऐसे में मुंबई के गेंदबाजों के सामने बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा.
ये भी पढ़ें: Video: साउथ अफ्रीकी फैंस ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को चिढ़ाया, लियोन से पूछा- सैंडपेपर चाहिए क्या?