Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

AUS vs SA: 185/4 पर लड़खड़ा रहा था ऑस्ट्रेलिया, फिर इंग्लिस-कैरी ने 145 रन की साझेदारी कर टीम को दिलाई बढ़त

INT News28 October 2026 at 11:30 pm

AUS vs SA Test: ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट का दूसरा दिन रोमांचक रहा. एक समय 185 रन पर चार विकेट गंवा चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन जॉश इंग्लिस और एलेक्स कैरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पूरा मैच पलट दिया. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 145 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 4 विकेट पर 330 रन बना लिए हैं. इस स्कोर के साथ मेहमान टीम ने दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 329 रन को पीछे छोड़ते हुए एक रन की बढ़त हासिल कर ली है.

हार्मर ने ऑस्ट्रेलिया को दिए थे 2 बड़े झटके

ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरुआत ट्रेविस हेड और मैट रेनशॉ ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. हेड ने तेजी से 41 रन बनाए, लेकिन ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की लय बिगाड़ दी.

हार्मर ने पहले हेड को बोल्ड किया. हेड ने गेंद को कट करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्टंप्स से जा टकराई. इसी ओवर में हार्मर ने मार्नस लाबुशेन को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. स्लिप में एडेन मार्करम ने उनका कैच पकड़ा.लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 2 विकेट पर 90 रन था.

ये भी पढ़ें: ICC Test Ranking: 4 साल बाद खत्म हुई जडेजा की बादशाहत, यह अफ्रीकी खिलाड़ी बना नंबर-1 ऑलराउंडर!

रेनशॉ और ग्रीन ने संभाली पारी

दो विकेट जल्दी गिरने के बाद मैट रेनशॉ और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी हुई. रेनशॉ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रन बनाए, जबकि ग्रीन ने भी अर्धशतक पूरा किया. दोनों की साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया एक समय 184 रन पर सिर्फ दो विकेट के नुकसान के साथ काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गया था.

हालांकि चाय से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की. मार्को यानसेन ने 50वें ओवर में रेनशॉ को आउट किया और अगले ही ओवर में ग्रीन को भी पवेलियन भेज दिया. देखते ही देखते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 184/2 से 185/4 हो गया.

ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट

इंग्लिस-कैरी ने बदल दिया पूरा खेल

लगातार दो विकेट गिरने के बाद ऐसा लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका फिर से मुकाबले पर पकड़ बना लेगा. लेकिन जॉश इंग्लिस और एलेक्स कैरी ने ऐसा नहीं होने दिया.

इंग्लिस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और खास तौर पर हार्मर के खिलाफ फुटवर्क और रिवर्स स्वीप का शानदार इस्तेमाल किया. दूसरी तरफ कैरी ने धैर्य के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दूसरे छोर को मजबूती से संभाले रखा. दोनों ने आखिरी सत्र में बिना कोई विकेट गंवाए 145 रन जोड़ दिए. इस साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने न सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के स्कोर की बराबरी की, बल्कि दिन का खेल खत्म होने तक एक रन की बढ़त भी हासिल कर ली.

स्टार्क ने पहले ही कर दिया था दक्षिण अफ्रीका का काम तमाम

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 329 रन पर समाप्त हुई थी. टीम की ओर से मार्क्स एकरमैन ने सबसे ज्यादा 95 रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम ने 78 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और 72 रन दिए.

ये भी पढ़ें: WPL 2027 Auction: सोफी मोलिन्यू पर यूपी वॉरियर्स ने खर्च किए 1.10 करोड़, देखें खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट