sports
महज 28 साल की उम्र में इस आयरिश क्रिकेटर ने लिया संन्यास, देश के लिए 3 टी20 वर्ल्ड कप में किया प्रतिनिधित्व

Ben White Retirement: आयरलैंड के लेग स्पिनर बेन व्हाइट ने महज 28 साल की उम्र में प्रतिनिधि क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही तीनों फॉर्मेट में उनका अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो गया. व्हाइट ने आयरलैंड के लिए तीन टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया और अपनी स्पिन गेंदबाजी से टीम के लिए अहम योगदान दिया. उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था. अपने करियर में व्हाइट ने आयरलैंड के लिए कुल 41 विकेट हासिल किए.
तीन टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड का किया प्रतिनिधित्व
बेन व्हाइट ने 2021 में बांग्लादेश दौरे पर गई आयरलैंड वुल्व्स टीम का हिस्सा बनने के बाद उसी साल सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने 2021, 2024 और 2026 के आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व किया.
टी20 क्रिकेट में व्हाइट अपनी गेंद की फ्लाइट और गति में बदलाव करने की क्षमता के लिए जाने जाते थे. इस फॉर्मेट में उन्होंने हर 20 गेंद पर औसतन एक विकेट हासिल किया. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ आया, जब उन्होंने 20 रन देकर चार विकेट झटके.
ये भी पढ़ें: Video: साउथ अफ्रीकी फैंस ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को चिढ़ाया, लियोन से पूछा- सैंडपेपर चाहिए क्या?
घरेलू क्रिकेट में भी छोड़ी छाप
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा व्हाइट ने आयरलैंड के घरेलू क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाई. उन्होंने लेइनस्टर लाइटनिंग, नॉर्दर्न नाइट्स और मुन्स्टर रेड्स का प्रतिनिधित्व किया. 2021 इंटर-प्रोविंशियल टी20 ट्रॉफी में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने 10 की औसत से 17 विकेट हासिल किए. इस टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मुन्स्टर रेड्स के खिलाफ रहा, जहां उन्होंने 13 रन देकर पांच विकेट लिए.
क्लब क्रिकेट में व्हाइट ज्यादातर फीनिक्स क्रिकेट क्लब के लिए खेले. कुछ सीजन में उन्होंने बेलफास्ट के सीएसएनआई क्लब का भी प्रतिनिधित्व किया. 2024 में आयरिश सीनियर कप जीतने में फीनिक्स की सफलता में उनका अहम योगदान रहा. उन्होंने मेरियन के खिलाफ 34 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
आयरलैंड के लिए खेलने को बताया गर्व की बात
संन्यास के बाद व्हाइट ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को याद करते हुए कहा कि आयरलैंड के लिए तीन टी20 वर्ल्ड कप खेलना और टेस्ट क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने क्रिकेट आयरलैंड का आभार जताते हुए कहा कि देश के लिए खेलने का मौका मिलना उनके बचपन के सपने को पूरा करने जैसा था.
व्हाइट ने कहा, 'मैं क्रिकेट आयरलैंड का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिसने मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करने और उच्चतम स्तर पर क्रिकेट खेलने का मौका दिया. तीन आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के लिए खेलना और टेस्ट क्रिकेट का हिस्सा बनना ऐसी उपलब्धियां थीं, जिनकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी. इन अनुभवों और यादों के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा.'
कोच गैरी विल्सन ने की तारीफ
आयरलैंड पुरुष टीम के मुख्य कोच गैरी विल्सन ने भी व्हाइट के योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि टीम में व्हाइट को खास तौर पर उनके टी20 क्रिकेट के लिए याद किया जाएगा. विल्सन के मुताबिक, व्हाइट में गेंद को उछाल देने और अच्छी गति से गेंदबाजी करने की क्षमता थी, जिसने उन्हें टीम के लिए उपयोगी खिलाड़ी बनाया.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट