Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रीवा में 16 पैकेट में 16.632 किलो गांजा मिला:देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस के साथ आरोपी पकड़ाया; पहले से आपराधिक मामले दर्ज

INT News27 August 2026 at 06:38 pm

रीवा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत समान थाना पुलिस ने गड़रिया नहर के पास घेराबंदी कर एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 16.632 किलो गांजा, देशी पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 28 हजार 840 रुपए बताई गई है। थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गड़रिया नहर के पास गांजा बेचने आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। कुछ देर बाद रिंग रोड की तरफ से एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। 16 पैकेट में रखा 16.632 किलो गांजा मिला

तलाशी में थैले से 16 पैकेट में रखा 16.632 किलो गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 3 लाख 32 हजार 640 रुपए आंकी गई है। आरोपी के पास से देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस भी मिले। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अम्बर शुक्ला निवासी चिरहुला कॉलोनी, थाना बिछिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ रीवा शहर के अलग-अलग थानों में हत्या और चोरी सहित करीब छह अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8, 20(बी) एनडीपीएस एक्ट और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उससे गांजे की सप्लाई और अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है।