समाचार · मध्य प्रदेश
सिंगरौली पुलिस ने रक्षाबंधन पर 100 हेलमेट बांटे:चालान की जगह राखी बांधकर सुरक्षित सफर का संकल्प दिलाया
सिंगरौली यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर सड़क सुरक्षा के लिए एक अनूठी पहल की। गुरुवार को पुलिस पेट्रोल पंप परिसर में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 100 दोपहिया चालकों का चालान नहीं काटा गया। इसके बजाय, उन्हें हेलमेट वितरित किए गए और सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया गया। इस कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने बिना हेलमेट मिले चालकों को तिलक लगाया और राखी बांधी। उनसे भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संकल्प लिया गया। पुलिस ने चालकों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। हेलमेट प्राप्त करने वाले कई वाहन चालकों ने अपनी आदत बदलने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे अक्सर बिना हेलमेट घर से निकल जाते थे, लेकिन अब वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। नशे की हालत गाड़ी नहीं चलाएं पुलिस अधीक्षक शियाज के एम ने इस अवसर पर वाहन चालकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करना, नशे की हालत में गाड़ी न चलाना और यातायात संकेतों का सम्मान करना सुरक्षित यात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक है। सिंगरौली पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य दंड के बजाय जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से सड़क सुरक्षा को मजबूत करना था। रक्षाबंधन पर बांधा गया यह 'रक्षा सूत्र' वाहन चालकों को सुरक्षित सफर की जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। इस कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी, उपनिरीक्षक संदीप नामदेव, सउनि उत्तम सिंह सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।