Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

माताटीला बांध के 12 गेट खुले, बेतवा नदी उफान पर:जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में अलर्ट, लोगों से दूर रहने की अपील

INT News27 August 2026 at 06:40 pm

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित माताटीला बांध में पानी की भारी आवक के कारण प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। गुरुवार दोपहर 3 बजे बांध का जलस्तर सुरक्षित सीमा के करीब पहुंचने पर इसके 12 गेट 2-2 फीट तक खोल दिए गए। बांध नियंत्रण कक्ष के अनुसार, माताटीला बांध का पूर्ण जलाशय स्तर (FRL) 308.46 मीटर है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 306.84 मीटर (1006.70 फीट) तक पहुंच गया है। बांध अपनी कुल क्षमता का लगभग 73.35 प्रतिशत भर चुका है, जिसमें 470.23 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCM) पानी मौजूद है। बांध को ओवरफ्लो होने से बचाने के लिए कुल 33,038 क्यूसेक पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। इसमें से 29,436 क्यूसेक पानी मुख्य फाटकों से और 3,602 क्यूसेक पानी पावर हाउस के माध्यम से नदी में प्रवाहित किया जा रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिला प्रशासन ने नदी के किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को प्रभारी कलेक्टर रोहन सक्सेना ने ओरछा स्थित बेतवा नदी के घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सक्सेना ने अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नदी के प्रमुख घाटों पर कुशल तैराकों और गोताखोरों की टीमें तैनात की गई हैं। उच्चाधिकारी लगातार मैदानी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। प्रभारी कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे उफनती नदी और घाटों से दूर रहें और पानी के तेज बहाव में नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें।