समाचार · मध्य प्रदेश
लोधी युवा संघ जिलाध्यक्ष पर रासुका लगाने की मांग:संगठन ने एसपी को दिया ज्ञापन, महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी के आरोप
शिवपुरी के बैसोरा गांव के आजाद लोधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन ने गुरुवार को एसपी को ज्ञापन दिया। संगठन ने महिलाओं और समाज के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि ऑडियो कॉल में माताओं-बहनों और समाज विशेष के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। संगठन ने कहा कि इससे सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ा है। दरअसल, 25 अगस्त को आजाद लोधी से जुड़े दो कथित ऑडियो वायरल हुए थे। एक में वह राशन दुकान के संचालक से मुफ्त राशन की मांग को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। वहीं,दूसरी ऑडियो में वह ब्राह्मण समाज की महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी कर रहा था। पुलिस ने दोनों मामलों में FIR कर ली है। राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन ने इसी मामले में ज्ञापन दिया है। रासुका लगाने का मांग संगठन ने आजाद लोधी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की मांग की है। संगठन के प्रभारी ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इसमें सर्वसमाज के लोगों को शामिल करने की बात कही गई है। इस मामले में करेरा थाना प्रभारी विनोद छावई का कहना है कि तीन थानों में आजाद लोधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। जांच चल रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।