समाचार · मध्य प्रदेश
खाटूश्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया:रानीसती दादी मंदिर में छप्पनभोग चढ़ाया, देर रात तक भजन गाए
आगर-मालवा के रानीसती दादी मंदिर में शुक्रवार रात खाटूश्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। श्याम प्रेमी परिवार आगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बाबा का दरबार सजाया गया और छप्पनभोग चढ़ाया गया। बाबा की प्रतिमा को पोशाक पहनाकर गुलाब के फूलों से सजाया गया। इस दौरान इत्र छिड़का गया और आतिशबाजी की गई। भजन गायकों राहुल भाटिया, हर्षिता सोनी, हेमंत नागर और अन्य कलाकारों ने देर रात तक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने ‘श्याम बाबा श्याम बाबा तेरे पास आया हूं, हारा हूं बाबा’, ‘दुनिया चले ना हनुमान के बिना’ और ‘कीर्तन की है रात’ जैसे भजन गाए। श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और मंदिर परिसर में बाबा श्याम के जयकारे लगे। श्याम प्रेमी नेहा कुंछल ने बताया कि जन्मोत्सव के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। खाटूश्याम बाबा को ‘हारे का सहारा’ और ‘शीश का दानी’ कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान किया था। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। इसी आस्था के चलते देशभर में श्रद्धालु बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाते हैं।